Life Secrets: अगर कोई खुशी हमारे भाग्य में है तो वह चाहे कितनी भी दूर क्यों न हो, किसी न किसी माध्यम से हमारे जीवन में जरूर आएगी। इसलिए जीवन में चिंता और डर को कम करके विश्वास को बढ़ाना चाहिए।
Patience and Belief in Life: लोगों के जीवन में कई बार ऐसा समय आता है जब लगता है कि हमारी खुशियां, हमारी मेहनत का फल या हमारा अधिकार कोई और ले जा रहा है। हम परेशान हो जाते हैं और मन में कई तरह के सवाल उठने लगते हैं कि आखिर हमारे साथ ऐसा क्यों हो रहा है, लेकिन आध्यात्मिक दृष्टि से देखा जाए तो संसार में हर व्यक्ति के लिए कुछ न कुछ निश्चित होता है। देवी नेहा सारस्वत जी ने बताया कि जीवन में जो चीज वास्तव में हमारे भाग्य में लिखी होती है, उसे कोई दूसरा व्यक्ति हमसे छीन नहीं सकता है। हमें अपने जीवन में ईश्वर के न्याय पर भरोसा रखना चाहिए।
जिस प्रकार कोई व्यक्ति हमारे हिस्से का दर्द नहीं उठा सकता, उसी प्रकार वह हमारे हिस्से की खुशियों को भी नहीं ले सकता है। हर इंसान के जीवन में सुख और दुख का एक निश्चित समय होता है, जो उसके कर्मों और भाग्य के अनुसार उसे प्राप्त होता है।
कई बार हम देखते हैं कि किसी और को वह चीज मिल जाती है जिसके लिए हमने बहुत मेहनत की थी। ऐसे समय में मन दुखी होना स्वाभाविक है, लेकिन हमें यह समझना चाहिए कि जीवन में हर चीज का एक सही समय होता है। अगर कोई चीज हमारे लिए बनी है, तो वह देर से ही सही, लेकिन हमारे पास जरूर आएगी। देवी नेहा सारस्वत कहती हैं कि जो आपका है, वह आपसे दूर नहीं जा सकता। परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, रास्ते चाहे कितने भी लंबे क्यों न हों, लेकिन आपकी मेहनत और आपके भाग्य का फल आपको जरूर मिलेगा। कभी-कभी ईश्वर हमें किसी चीज को पाने से पहले धैर्य और विश्वास की परीक्षा से गुजरता है।
दूसरों से तुलना करना छोड़ दें
अक्सर इंसान अपनी परेशानियों का कारण दूसरों की खुशियों को देखकर महसूस करता है। हमें लगता है कि सामने वाले के पास वह सब कुछ है जो हमें चाहिए था, लेकिन हम यह भूल जाते हैं कि हर व्यक्ति की अपनी अलग यात्रा होती है। किसी के जीवन में जो समय आज अच्छा चल रहा है, हो सकता है कल उसे भी कठिनाइयों का सामना करना पड़े। इसलिए हमें दूसरों की सफलता या खुशियों को देखकर परेशान नहीं होना चाहिए। हमें अपने कर्मों पर ध्यान देना चाहिए और विश्वास रखना चाहिए कि हमारे लिए जो बेहतर होगा, वह समय आने पर जरूर मिलेगा। ईश्वर किसी के साथ अन्याय नहीं करता।
धैर्य और सकारात्मक सोच की शक्ति
जीवन में धैर्य रखना बहुत जरूरी है। कई बार हमारी इच्छाएं तुरंत पूरी नहीं होतीं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि वे कभी पूरी नहीं होंगी। सही समय आने पर परिस्थितियां बदलती हैं और जीवन में नए अवसर आते हैं। अगर मन में विश्वास और सकारात्मक सोच बनी रहे तो बड़ी से बड़ी कठिनाई भी आसान लगने लगती है। हमें निराश होने के बजाय अपने प्रयास जारी रखने चाहिए। क्योंकि कर्म करने वाले व्यक्ति को उसका परिणाम किसी न किसी रूप में जरूर प्राप्त होता है।
सात समंदर पार से भी आएगा आपका हक
देवी नेहा सारस्वत जी कहती हैं कि जो चीज हमारे जीवन के लिए निर्धारित है, वह किसी भी परिस्थिति में हम तक पहुंच सकती है। दूरी, समय या कोई अन्य व्यक्ति उसे रोक नहीं सकता। अगर कोई खुशी हमारे भाग्य में है तो वह चाहे कितनी भी दूर क्यों न हो, किसी न किसी माध्यम से हमारे जीवन में जरूर आएगी। इसलिए जीवन में चिंता और डर को कम करके विश्वास को बढ़ाना चाहिए। अपने कर्म अच्छे रखें, मन को शांत रखें और ईश्वर पर भरोसा बनाए रखें। क्योंकि जो आपका है, वह केवल आपका ही रहेगा। उसे कोई दूसरा व्यक्ति नहीं ले सकता। सही समय आने पर जीवन आपको वही लौटाएगा, जिसके आप वास्तव में हकदार हैं।