facebook pixel
विज्ञापन
Home  dharm  thousands of devotees will take initiation from swami kailashanand giri ji maharaj on guru purnima

Guru Purnima: स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज से हजारों श्रद्धालु लेंगे गुरु दीक्षा, उमड़ेगा आस्था का जन सैलाब

जीवांजलि धर्म डेस्कPublished by:
नीरज के. पटेल
सार

Guru Diksha: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दक्षिण काली मंदिर का पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेगा। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्रपाठ, हवन, पूजन-अर्चन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न होंगे। 
 

Dakshin Kali Temple Haridwar
Dakshin Kali Temple Haridwar: गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व इस साल हरिद्वार के प्रसिद्ध दक्षिण काली मंदिर में ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। परम पूज्य आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज के सान्निध्य में देश-विदेश से आने वाले हजारों श्रद्धालु गुरु दीक्षा ग्रहण करेंगे। स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज के अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शान्तनु शुक्ल ने बताया कि श्रद्धालुओं के अभूतपूर्व उत्साह और बड़ी संख्या में हो रहे पंजीकरण को देखते हुए यह आयोजन देश के सबसे भव्य गुरु पूर्णिमा समारोहों में शामिल होने जा रहा है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और विभिन्न राज्यों सहित विदेशों से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार शुरू हो चुका है।

सनातन संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। शास्त्रों में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु और महेश के समान पूजनीय बताया गया है। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है। इसी पावन अवसर पर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज अपने करकमलों से हजारों श्रद्धालुओं को गुरु मंत्र प्रदान करेंगे। गुरु दीक्षा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन की नई दिशा मिलेगी और उन्हें धर्म, साधना, सेवा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति तथा मानव कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया जाएगा।
 
Dakshin Kali Temple Haridwar

वैदिक मंत्रों से गूंजेगा दक्षिण काली मंदिर

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दक्षिण काली मंदिर का पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेगा। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्रपाठ, हवन, पूजन-अर्चन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न होंगे। देशभर से आने वाले संत-महात्मा, विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि, धर्माचार्य और हजारों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर गुरु-शिष्य परंपरा को और अधिक गौरव प्रदान करेंगे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहेगा और श्रद्धालु दिव्य आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करेंगे।

देश-विदेश से पहुंचेगी हस्तियां

29 जुलाई को आयोजित होने वाले इस विशेष गुरु दीक्षा समारोह में देश के कई प्रतिष्ठित उद्योगपति, राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी तथा विदेशों से आने वाले अनेक महत्वपूर्ण अतिथि भी शामिल होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज से गुरु दीक्षा लेकर अपने आध्यात्मिक जीवन का नया अध्याय प्रारंभ करेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का एक भव्य उत्सव होगा।
 
Dakshin Kali Temple Haridwar

धर्म, सेवा और संस्कारों से जुड़ रहे हजारों लोग

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज लंबे समय से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, राष्ट्र चेतना, आध्यात्मिक जागरण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में हजारों लोग धर्म, सेवा और संस्कारों से जुड़ रहे हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि उनके सान्निध्य में प्राप्त गुरु दीक्षा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती है और व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति की ओर प्रेरित करती है।

श्रद्धालुओं से किया गया विशेष आग्रह

आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे गुरु पूर्णिमा के इस ऐतिहासिक अवसर पर दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें और सनातन गुरु-शिष्य परंपरा के इस विराट महोत्सव के साक्षी बनें। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण यह आयोजन हरिद्वार की धार्मिक परंपरा में एक नया इतिहास रचने की ओर अग्रसर है और गुरु पूर्णिमा के पर्व को अविस्मरणीय बनाने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel