Hanuman Mantra: हनुमान जी के इन बारह नामों का स्मरण सोते समय, जागते समय और यात्रा के दौरान भी किया जा सकता है। इन नामों का श्रद्धापूर्वक पाठ करने से व्यक्ति के मन में भय कम होता है और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस मिलता है।
Hanuman Ji Name Benefits: रामभद्राचार्य जी महाराज ने हनुमान जी के नाम और उनके स्मरण के प्रभाव को बताते हुए कहा कि भगवान के नाम का जाप मनुष्य के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने हनुमान जी के संदर्भ में बताया कि जो व्यक्ति श्रद्धा और विश्वास के साथ उनका नाम लेता है, उसके जीवन में सांसारिक चिंताएं धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। हनुमान जी के नाम का स्मरण करने वाला व्यक्ति अपना मन भगवान श्रीराम की भक्ति में लगा सकता है। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य का ध्यान निरंतर सीताराम जी के भजन में लगने लगता है तो भोजन और दूसरी सांसारिक आवश्यकताओं की चिंता भी कम हो जाती है। भोजन केवल पेट भरने का साधन नहीं रह जाता, बल्कि भगवान की कृपा से प्राप्त प्रसाद के रूप में दिखाई देने लगता है।
रामभद्राचार्य जी महाराज ने हनुमान चालीसा के नियमित पाठ का भी महत्व बताया। उनके अनुसार, श्रद्धा के साथ प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करने से व्यक्ति का मन भक्ति और सकारात्मक भाव से जुड़ता है। जब मन भगवान के स्मरण में रम जाता है तो अनावश्यक चिंताएं पीछे छूटने लगती हैं और जीवन में संतोष का भाव बढ़ता है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि हनुमान जी की भक्ति केवल सांसारिक लाभ पाने के लिए नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति प्रेम और समर्पण के भाव से करनी चाहिए।
हनुमान जी के बारह नामों का महत्व
रामभद्राचार्य जी महाराज ने हनुमान जी के बारह नामों का उल्लेख करते हुए इनके स्मरण का महत्व भी बताया। ये बारह नाम हैं- हनुमान, अंजना-सूनु, वायुपुत्र, महाबल, रामेष्ट, फाल्गुनसख, पिंगाक्ष, अमितविक्रम, उदधिक्रमण, सीताशोकविनाशन, लक्ष्मणप्राणदाता और दशग्रीवस्यदर्पहा। इन नामों में हनुमान जी के अलग-अलग स्वरूप, गुण और पराक्रम का वर्णन मिलता है। कहीं उन्हें वायुपुत्र और महाबली कहा गया है, तो कहीं श्रीराम के प्रिय और सीता जी के शोक का नाश करने वाले के रूप में स्मरण किया गया है।
Trending Video
किस समय करें नामों का स्मरण?
रामभद्राचार्य जी महाराज ने बताया कि हनुमान जी के इन बारह नामों का स्मरण सोते समय, जागते समय और यात्रा के दौरान भी किया जा सकता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इन नामों का श्रद्धापूर्वक पाठ करने से व्यक्ति के मन में भय कम होता है और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस मिलता है। हनुमान जी को संकटमोचन कहा जाता है। इसलिए उनके नाम का स्मरण भक्त के भीतर विश्वास, साहस और भगवान के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है। यही कारण है कि सनातन परंपरा में हनुमान जी के नाम और उनकी भक्ति को विशेष महत्व दिया गया है।