Life Lessons: जीवन में आगे बढ़ने का सही तरीका यही है कि जिसने दुख दिया उसे माफ कर दें, लेकिन अपनी सीमाओं और अनुभवों को याद रखें। हर व्यक्ति पर पहले जैसा भरोसा करना जरूरी नहीं है।
Learning From Experience: जीवन में हर व्यक्ति से कभी न कभी गलती होती है। कई बार हमारी अपनी गलती से हमें दुख मिलता है और कई बार किसी दूसरे व्यक्ति के व्यवहार या फैसले से हमें ठेस पहुंचती है। ऐसी परिस्थितियों में मन में गुस्सा, नाराजगी और शिकायत पैदा होना स्वाभाविक है। लेकिन जया किशोरी जी का कहना है कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए हमें माफ करना सीखना चाहिए, लेकिन उस घटना से मिली सीख को कभी नहीं भूलना चाहिए।
जया किशोरी जी समझाती हैं कि जब कोई व्यक्ति हमारे साथ गलत करता है तो उसके प्रति मन में लंबे समय तक मनमुटाव रखना हमारे लिए ही परेशानी का कारण बन जाता है। इसलिए माफ करना जरूरी है। माफी का मतलब यह नहीं है कि सामने वाले के किए हुए गलत व्यवहार को सही मान लिया जाए। इसका अर्थ केवल इतना है कि हम उस घटना की वजह से अपने मन में गुस्सा और नकारात्मकता लेकर न बैठें। किसी को माफ करके हम अपने मन को शांत कर सकते हैं। जब मन में पुरानी बातों का बोझ कम होता है तो व्यक्ति अपने वर्तमान और भविष्य पर बेहतर तरीके से ध्यान दे पाता है।
गलती की सीख को कभी न भूलें
जया किशोरी जी कहती हैं कि जीवन में जब हमारे साथ कुछ गलत होता है तो उस घटना को पूरी तरह भूल जाना भी सही नहीं है। यहां भूलने का मतलब घटना को बार-बार याद करके दुखी होना नहीं है, बल्कि उससे मिली सीख को अपने जीवन में बनाए रखना है। अगर किसी व्यक्ति ने हमारे विश्वास का गलत फायदा उठाया, तो हमें उससे मिली सीख को याद रखना चाहिए। अगर किसी फैसले की वजह से हमें नुकसान हुआ, तो भविष्य में वैसा फैसला दोहराने से बचना चाहिए। यही अनुभव आगे चलकर हमें अधिक समझदार और सतर्क बनाते हैं।
Trending Video
बार-बार क्यों होती है गलती?
जब इंसान किसी घटना से मिली सीख को भूल जाता है, तो उसके दोबारा उसी परिस्थिति में फंसने की संभावना बढ़ जाती है। अगर हम हर बार केवल यह सोचते रहें कि हमारे साथ गलत हुआ और किसने गलत किया, तो हम घटना से मिलने वाली असली सीख को खो देते हैं। इसलिए जरूरी है कि हम अपने अनुभवों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी समझ बढ़ाने का माध्यम बनाएं। माफी हमें मन की शांति देती है और सीख हमें भविष्य में सही निर्णय लेने की ताकत देती है।
माफी के साथ समझदारी भी है जरूरी
जीवन में आगे बढ़ने का सही तरीका यही है कि जिसने दुख दिया उसे माफ कर दें, लेकिन अपनी सीमाओं और अनुभवों को याद रखें। हर व्यक्ति पर पहले जैसा भरोसा करना जरूरी नहीं है। माफ करने का अर्थ यह भी नहीं कि हम बार-बार उसी व्यक्ति या परिस्थिति को अपने जीवन में नुकसान पहुंचाने का अवसर दें। इसलिए जीवन में जब भी कोई गलती या बुरा अनुभव हो, तो उससे मन में नफरत नहीं बल्कि समझ पैदा करें। जो हुआ उसे बदल नहीं सकते, लेकिन उससे मिली सीख के आधार पर आने वाला समय बेहतर जरूर बना सकते हैं। यही सोच व्यक्ति को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाती है और जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है।