Positive Thinking: हर व्यक्ति की अपनी जिंदगी और अपनी कहानी है। कोई अपने चेहरे पर मुस्कान लिए घूम रहा है, तो जरूरी नहीं कि उसके जीवन में कोई परेशानी न हो। हो सकता है कि वह अपने दर्द को मुस्कान के पीछे छिपा रहा हो।
Life Struggles: हर इंसान अपनी जिंदगी में किसी न किसी तरह की लड़ाई लड़ रहा है। बाहर से देखने पर कोई इंसान हमें खुश, मजबूत और बेफिक्र नजर आ सकता है, लेकिन उसके मन के अंदर क्या चल रहा है, यह हम नहीं जानते। इसी बात को देवी नेहा सारस्वत ने बेहद सरल और भावपूर्ण अंदाज में समझाया है कि किसी की जिंदगी को बिना जाने उसके बारे में राय बनाना सही नहीं है।
हम अक्सर दूसरों को देखकर कह देते हैं कि वह ऐसा है, वह वैसा है। लेकिन सच्चाई यह है कि हम किसी इंसान की पूरी कहानी नहीं जानते। हर व्यक्ति के जीवन में कुछ ऐसी परिस्थितियां होती हैं, जिन्हें वह दूसरों के सामने नहीं रख पाता। इसलिए किसी के बारे में कुछ कहने या उसकी कमियां निकालने से पहले हमें एक बार खुद को उसकी जगह रखकर देखना चाहिए।
दूसरों पर उंगली उठाना बहुत आसान होता है, लेकिन अपने भीतर झांकना उतना ही मुश्किल। अगर हम अपनी परेशानियों, अपनी गलतियों और अपने संघर्षों को समझ सकते हैं, तो हमें दूसरों के संघर्षों को समझने की कोशिश भी करनी चाहिए।
Trending Video
अधूरी जानकारी पर न बनाएं राय
किसी भी बात को पूरी तरह जाने बिना उसके बारे में दूसरों से चर्चा करना या उसे आगे बढ़ाना किसी के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। इसलिए जिस बात की पूरी जानकारी न हो, उसे न तो सच मानना चाहिए और न ही दूसरों को बताना चाहिए। कई बार आधी-अधूरी जानकारी किसी की छवि और रिश्तों दोनों को नुकसान पहुंचा देती है। किनारे पर बैठकर किसी की जिंदगी का अंदाजा लगाना आसान है, लेकिन असली संघर्ष वही जानता है जो उस रास्ते से गुजर रहा होता है। हमें दूसरों की परिस्थितियों को समझे बिना फैसला सुनाने से बचना चाहिए।
हर चेहरे के पीछे है एक कहानी
हर व्यक्ति की अपनी जिंदगी और अपनी कहानी है। कोई अपने चेहरे पर मुस्कान लिए घूम रहा है, तो जरूरी नहीं कि उसके जीवन में कोई परेशानी न हो। हो सकता है कि वह अपने दर्द को मुस्कान के पीछे छिपा रहा हो। वहीं किसी की आंखों में आंसू हैं तो शायद वह अपने जीवन की किसी बड़ी तकलीफ से गुजर रहा है। इसलिए हमें लोगों को केवल उनके बाहरी रूप से नहीं आंकना चाहिए। मुस्कान के पीछे छिपा दर्द और खामोशी के पीछे छिपी कहानी समझने के लिए संवेदनशील दिल की जरूरत होती है।
इंसानियत और समझदारी है जरूरी
देवी नेहा सारस्वत का यह संदेश हमें सिखाता है कि जिंदगी में दूसरों को जज करने के बजाय उन्हें समझने की कोशिश करनी चाहिए। हर किसी की परिस्थितियां अलग होती हैं और हर कोई अपने हिस्से की लड़ाई लड़ रहा है। इसलिए किसी को नीचा दिखाने या उसकी कमियां गिनाने के बजाय उसके प्रति सहानुभूति और सम्मान रखना बेहतर है। अगर हम दूसरों की जिंदगी में बेवजह झांकने के बजाय अपने जीवन को बेहतर बनाने पर ध्यान दें, तो समाज में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। किसी की कहानी जाने बिना उसके बारे में राय न बनाना ही सच्ची समझदारी और इंसानियत है।