Motivational Thoughts: जीवन में सच्ची जीत यही है कि दूसरे की नफरत हमारे भीतर नफरत पैदा न कर पाए। यदि कोई हमें दुख देता है, फिर भी हम संयम, प्रेम और शांति बनाए रखते हैं, तो यही हमारी वास्तविक शक्ति है।
Spiritual Knowledge: कथावाचिका देवी चित्रलेखा जी अपने प्रवचनों में कहती हैं कि इंसान दूसरों को वही देता है, जो उसके भीतर होता है। अगर किसी व्यक्ति के मन में प्रेम, दया और अपनापन भरा है, तो वह दूसरों के साथ भी प्रेम और सम्मान से पेश आएगा। वहीं जिसके मन में क्रोध, ईर्ष्या, नफरत या कटुता भरी होगी, उसके व्यवहार में भी वही दिखाई देगा। इसलिए जब कभी कोई व्यक्ति हमें गलत शब्द बोल दे, हमारा अपमान कर दे या बिना वजह हमें दुख पहुंचाए, तो हमें तुरंत परेशान या घबराने की जरूरत नहीं है। हमें यह समझना चाहिए कि उसके शब्द उसके मन और संस्कारों को दिखा रहे हैं, हमारी योग्यता या हमारे व्यक्तित्व को नहीं।
देवी चित्रलेखा जी का कहना है कि अक्सर हम दूसरों की कही हुई बातों को अपने दिल पर ले लेते हैं। कोई कुछ गलत कह देता है तो हम घंटों उसी बात को सोचते रहते हैं। इससे हमारा मन अशांत हो जाता है और हम खुद को दुखी करने लगते हैं, लेकिन अगर हम यह समझ लें कि सामने वाला अपने भीतर मौजूद भावनाओं को ही बाहर निकाल रहा है, तो उसके शब्दों का असर हम पर कम हो सकता है। जिसके पास प्रेम होगा, वह प्रेम बांटेगा और जिसके पास घृणा होगी, वह घृणा ही बांटेगा। इसलिए किसी की कड़वी बात सुनकर अपने भीतर भी कड़वाहट पैदा करना उचित नहीं है।
संस्कार और परवरिश की झलक
किसी व्यक्ति का दूसरों से बात करने का तरीका उसके संस्कार और परवरिश की झलक देता है। यदि कोई व्यक्ति सम्मान से बात करता है, तो यह उसके अच्छे संस्कारों को दर्शाता है। उसी तरह यदि कोई बार-बार अपशब्द बोलता है, दूसरों को नीचा दिखाता है या अपमानित करता है, तो यह उसके व्यक्तित्व और संस्कारों की कमी को दिखाता है। इसलिए किसी की गलत भाषा को अपनी पहचान न बनने दें। सामने वाला जैसा व्यवहार कर रहा है, वैसा ही व्यवहार वापस करना जरूरी नहीं है।
Trending Video
अपने भीतर बनाए रखें प्रेम
जीवन में सच्ची जीत यही है कि दूसरे की नफरत हमारे भीतर नफरत पैदा न कर पाए। यदि कोई हमें दुख देता है, फिर भी हम संयम, प्रेम और शांति बनाए रखते हैं, तो यही हमारी वास्तविक शक्ति है। हमें अपने कर्म और व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि अंततः हमारी पहचान हमारे संस्कारों और हमारे व्यवहार से ही बनती है। इसलिए जब भी कोई आपको अपमानित करे, घबराइए नहीं और खुद को कमजोर मत समझिए। बस इतना याद रखिए कि इंसान वही बांटता है, जो उसके भीतर होता है। आपके भीतर प्रेम, शांति और अच्छे संस्कार हैं, तो उन्हें दूसरों के व्यवहार के कारण बदलने की जरूरत नहीं है। यही जीवन को सुंदर और सार्थक बनाने का मार्ग है।