Pitru Dosha Myth: पितरों को डर का विषय बनाने के बजाय श्रद्धा और सम्मान का विषय समझना चाहिए। पितृ पक्ष हमें अपने पूर्वजों को याद करने, उनके योगदान के प्रति कृतज्ञ होने और परिवार की परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देता है।
Pitru Dosha Upay: हिंदू धर्म में पितृ पक्ष का विशेष महत्व माना जाता है। इस दौरान लोग अपने पूर्वजों को याद करते हैं और उनके निमित्त तर्पण, श्राद्ध, पिंडदान, अन्नदान और जलदान जैसे धार्मिक कर्म करते हैं। इसी बीच अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि क्या घर में होने वाली परेशानियों का कारण पितृ दोष हो सकता है? चतुर नारायण जी महाराज ने इस विषय को एक अलग दृष्टिकोण से समझाया है।
चतुर नारायण जी महाराज कहते हैं कि पितृ दोष को लेकर समाज में कई तरह की धारणाएं प्रचलित हैं। उनका कहना है कि यह मान लेना कि हमारे पितृ हमसे नाराज हैं और इसी वजह से परिवार में परेशानियां आ रही हैं, सही दृष्टिकोण नहीं है। माता-पिता और पूर्वज अपने बच्चों का भला ही चाहते हैं। उन्होंने जीवन में भी संतान के सुख की कामना की और मृत्यु के बाद भी उनके मन में संतान के प्रति बुरा भाव नहीं हो सकता है। इसलिए घर में कोई समस्या आने पर सीधे यह मान लेना कि पितृ दोष लग गया है, एक भ्रम हो सकता है।
पितृ पक्ष में क्यों किया जाता है श्राद्ध?
महाराज बताते हैं कि पितृ पक्ष ऐसा अवसर है, जब धार्मिक मान्यता के अनुसार पूर्वजों को विशेष रूप से स्मरण किया जाता है। इन दिनों में परिवार के लोग अपने पितरों के निमित्त तर्पण, श्राद्ध, पिंडदान, अन्नदान और जलदान आदि करते हैं। इसे आप एक भावनात्मक अवसर की तरह समझ सकते हैं। जिस प्रकार कोई प्रिय अतिथि बहुत उम्मीद लेकर आपके घर आए और आप उससे बात तक न करें, उसकी ओर ध्यान न दें या उसका सम्मान न करें, तो उसे दुख जरूर होगा। इसी तरह पितृ पक्ष में पूर्वजों का स्मरण करना उनके प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम माना जाता है।
Trending Video
पितरों के प्रति हमारी जिम्मेदारी क्या है?
चतुर नारायण जी महाराज के अनुसार, जब पितृ पक्ष आता है तो हमें अपने पूर्वजों को भूलना नहीं चाहिए। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने काम और दूसरी जिम्मेदारियों में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि उन्हें अपने पूर्वजों के लिए समय निकालना भी मुश्किल लगता है। ऐसे में कम से कम अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार उनके निमित्त धार्मिक कर्म करना चाहिए। श्राद्ध, तर्पण, जलदान, अन्नदान या जरूरतमंद को भोजन कराना जैसे कार्य पूर्वजों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को व्यक्त करते हैं।
पितरों को नाराज मानने के बजाय रखें श्रद्धा
महाराज की बात का सार यह है कि पितरों को डर का विषय बनाने के बजाय श्रद्धा और सम्मान का विषय समझना चाहिए। पितृ पक्ष हमें अपने पूर्वजों को याद करने, उनके योगदान के प्रति कृतज्ञ होने और परिवार की परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देता है। इसलिए हर परेशानी को पितृ दोष से जोड़ने के बजाय अपनी परिस्थितियों को समझना चाहिए और पितरों के प्रति श्रद्धा, सेवा और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए।