Maha Kumbh 2025 Day 26: महाकुंभ 2025 में अब तक करीब 40 करोड़ श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। इस दौरान 7 फरवरी को सुबह 10 बजे तक 39.74 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। महाकुंभ की शुरुआत 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा के स्नान से हुई थी।
Maha Kumbh 2025 Day 26: महाकुंभ का आज 26वां दिन है। शुक्रवार को संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़ है। कल यानी शनिवार और रविवार को भीड़ और बढ़ सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन फिर सतर्क हो गया है। भीड़ पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं को संगम पर रुकने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस स्नान कर चुके लोगों को वहां से हटा रही है, ताकि भीड़ एक जगह एकत्र न हो।
वाहन प्रयागराज शहर में प्रवेश कर रहे हैं। हालांकि पुलिस भीड़ के हिसाब से प्लान बदल रही है। महाकुंभ में लगे ज्यादातर अखाड़ों ने अब पैकिंग शुरू कर दी है। इसलिए श्रद्धालुओं को अखाड़ों में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक 13 जनवरी से अब तक 40 करोड़ श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान कर चुके हैं। मेला अभी 19 दिन और चलेगा। इस बीच महाकुंभ मेला क्षेत्र में फिर आग लग गई है।
मेले में शंकराचार्य मार्ग पर सेक्टर-18 में कई पंडाल जल गए। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई हैं। घटना हरिहरानंद के शिविर में हुई। आग लगने के बाद चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है। जांच की जा रही है।
माघी पूर्णिमा के लिए अर्धसैनिक बलों ने मोर्चा संभाला
माघी पूर्णिमा के अवसर पर महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने सुरक्षित स्नान कराने की योजना बनाई है। इसके तहत प्रमुख घाटों खासकर संगम पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर चौराहों पर पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी तैनात रहेंगे।
पुलों को सिर्फ पैदल यात्रियों के लिए खोला जाएगा। शहर में रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा, शटल बसों का संचालन किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग को और बेहतर बनाया जाएगा।
अब तक 39.74 करोड़ श्रद्धालु कर चुके हैं स्नान
महाकुंभ 2025 में अब तक करीब 40 करोड़ श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। इस दौरान 7 फरवरी को सुबह 10 बजे तक 39.74 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। महाकुंभ की शुरुआत 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा के स्नान से हुई थी।