facebook pixel
विज्ञापन
Home›  dharm›  vrat›  ganadhipa sankashti chaturthi par kaise kare is vrat katha ka paath bhagwan ganesh ki kripa vishesh hogi

Ganadhipa Sankashti Chaturthi: गणाधिप संकष्टी चतुर्थी पर करें इस व्रत कथा का पाठ, भगवान गणेश की होगी कृपा

जीवांजलि, धर्म डेस्कPublished by:
Shakshi
सार

Ganadhipa Sankashti Chaturthi: इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र पहनकर भगवान गणेश के सामने व्रत का संकल्प लें। 

Ganadhipa Sankashti Chaturthi
Ganadhipa Sankashti Chaturthi: हिंदू धर्म में भगवान गणेश को प्रथम पूजनीय देवता माना जाता है। उनकी पूजा करने से जीवन के विघ्न दूर होने और सुख-समृद्धि प्राप्त होने की मान्यता है। हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखा जाता है। मार्गशीर्ष महीने में पड़ने वाली इस चतुर्थी को गणाधिप संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है। इस दिन भगवान गणेश के गणाधिप स्वरूप की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने और विधि-विधान से व्रत कथा का पाठ करने से गणपति बप्पा की विशेष कृपा प्राप्त होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गणाधिप संकष्टी चतुर्थी की व्रत कथा में राजा दशरथ और श्रवण कुमार का प्रसंग भी जुड़ा है? आइए जानते हैं इस व्रत की पौराणिक कथा।

गणाधिप संकष्टी चतुर्थी कब है?

वर्ष 2026 में गणाधिप संकष्टी चतुर्थी का व्रत 27 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा। पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 27 नवंबर को सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर शुरू होगी और 28 नवंबर को सुबह 6 बजकर 39 मिनट पर समाप्त होगी। इस दिन दिल्ली में चंद्रोदय रात 8 बजकर 18 मिनट पर होगा। संकष्टी चतुर्थी का व्रत चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद खोला जाता है।

गणाधिप संकष्टी चतुर्थी व्रत कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता पार्वती ने भगवान गणेश से पूछा कि मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को किस स्वरूप में उनकी पूजा करनी चाहिए और इस व्रत का क्या महत्व है। इस पर गणेश जी ने बताया कि इस दिन गणाधिप स्वरूप की पूजा करनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने माता पार्वती को इस व्रत से जुड़ी कथा सुनाई।

त्रेतायुग में अयोध्या के राजा दशरथ एक दिन वन में शिकार खेलने गए थे। उस समय शाम हो चुकी थी और चारों ओर अंधेरा था। तभी उन्हें नदी के किनारे से किसी के पानी भरने की आवाज सुनाई दी। राजा दशरथ को लगा कि कोई हिरण पानी पी रहा है। उन्होंने आवाज की दिशा में शब्दभेदी बाण चला दिया। लेकिन वह बाण हिरण को नहीं, बल्कि श्रवण कुमार को लग गया था। श्रवण कुमार अपने अंधे माता-पिता के लिए नदी से पानी भर रहे थे।

बाण लगने से श्रवण कुमार घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी आवाज सुनकर राजा दशरथ तुरंत वहां पहुंचे। जब उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ तो वे बहुत दुखी हुए। उन्होंने श्रवण कुमार के माता-पिता को पूरी घटना बताई। अपने इकलौते पुत्र की मृत्यु का समाचार सुनकर दोनों माता-पिता ने राजा दशरथ को श्राप दिया कि जिस तरह वे पुत्र के वियोग में अपने प्राण त्याग रहे हैं, उसी तरह राजा दशरथ को भी अपने पुत्र के वियोग में मृत्यु का दुख सहना पड़ेगा।

भगवान श्रीराम का हुआ जन्म

कुछ समय बाद राजा दशरथ ने संतान प्राप्ति के लिए पुत्रेष्टि यज्ञ करवाया। इस यज्ञ के फलस्वरूप भगवान विष्णु ने श्रीराम के रूप में राजा दशरथ के घर जन्म लिया। वहीं माता लक्ष्मी ने माता सीता के रूप में धरती पर अवतार लिया। बड़े होने पर श्रीराम को पिता की आज्ञा से माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ वनवास जाना पड़ा। वनवास के दौरान तीनों पंचवटी में रहने लगे। इसी दौरान रावण छल से माता सीता का हरण करके उन्हें लंका ले गया।

हनुमान जी ने रखा संकष्टी का व्रत

माता सीता की खोज करते हुए भगवान श्रीराम की मुलाकात सुग्रीव से हुई। इसके बाद सुग्रीव ने हनुमान जी और वानर सेना को माता सीता की खोज में भेजा। खोजते-खोजते सभी समुद्र के किनारे पहुंच गए। वहां उनकी मुलाकात जटायु के बड़े भाई संपाति से हुई। संपाति ने बताया कि माता सीता लंका में अशोक वाटिका में हैं। उसने यह भी बताया कि विशाल समुद्र को पार करने की क्षमता केवल हनुमान जी में है।

यह सुनकर हनुमान जी ने पूछा कि वे इतने विशाल समुद्र को कैसे पार कर पाएंगे। तब संपाति ने उन्हें संकट चतुर्थी का व्रत करने की सलाह दी। उसने बताया कि भगवान गणेश की कृपा से वे समुद्र पार करने में सफल होंगे। इसके बाद हनुमान जी ने विधि-विधान से संकष्टी चतुर्थी का व्रत किया और भगवान गणेश की आराधना की। गणपति बप्पा की कृपा से हनुमान जी ने एक ही छलांग में विशाल समुद्र पार कर लिया और लंका पहुंचकर माता सीता का पता लगा लिया।

गणाधिप संकष्टी व्रत का महत्व

पौराणिक मान्यता के अनुसार, इस कथा का वर्णन भगवान श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर को भी सुनाया था और उन्हें यह व्रत करने की सलाह दी थी। युधिष्ठिर ने श्रद्धापूर्वक व्रत किया और शत्रुओं पर विजय प्राप्त कर अपना खोया हुआ राज्य वापस पाया। मान्यता है कि गणाधिप संकष्टी चतुर्थी पर भगवान गणेश की पूजा और व्रत कथा का पाठ करने से जीवन के संकट दूर होते हैं। साथ ही कठिन कार्यों में सफलता प्राप्त करने के लिए गणपति बप्पा का आशीर्वाद मिलता है।

गणाधिप संकष्टी पर कैसे करें पूजा?

इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र पहनकर भगवान गणेश के सामने व्रत का संकल्प लें। इसके बाद गणेश जी की प्रतिमा के सामने दीपक जलाएं और उन्हें दूर्वा, लाल फूल, रोली, अक्षत तथा मोदक या लड्डू का भोग अर्पित करें। शाम के समय भगवान गणेश की विधिवत पूजा करें और गणाधिप संकष्टी व्रत कथा का पाठ करें। इसके बाद गणेश मंत्र का जाप और आरती करें। रात को चंद्रोदय होने पर चंद्रमा को जल से अर्घ्य दें। इसके बाद भगवान गणेश का स्मरण करके व्रत का पारण करें।

यह भी पढ़ें:- 

Lord Ganesha: गणेश जी के बड़े कानों का क्या है रहस्य? जानिए धार्मिक महत्व 

Lord Hanuman: हनुमान जी को चमेली का तेल क्यों चढ़ाते हैं? जानिए इसके पीछे का धार्मिक महत्व और रहस्य  

Hanuman Ji Katha: हनुमान जी पर इंद्रदेव ने क्यों किया था प्रहार? जानें पौराणिक कथा 


(Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।)

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel