Parthiv Shivling Ki Puja Kase Kare: पार्थिव शिवलिंग पूजा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह मनुष्य को भोग और मोक्ष दोनों प्रदान करती है।
Parthiva Linga Puja Vidhi: भारतीय सनातन परंपरा में भगवान शिव की उपासना को अत्यंत श्रेष्ठ और कल्याणकारी माना गया है। शिवपुराण और अन्य ग्रंथों में शिवलिंग पूजा के कई प्रकार बताए गए हैं, लेकिन उनमें से 'पार्थिव शिवलिंग पूजा' को विशेष रूप से सर्वोत्तम बताया गया है। पार्थिव का अर्थ होता है 'मिट्टी से बना हुआ।' यानी जब शुद्ध मिट्टी से शिवलिंग बनाकर उसकी विधि-विधान से पूजा की जाती है, तो उसे पार्थिव शिवलिंग पूजा कहते हैं।
सूत जी ऋषियों को बताते हैं कि पार्थिव शिवलिंग सभी प्रकार के लिंगों में सबसे श्रेष्ठ है। सतयुग में रत्न का, त्रेता में स्वर्ण का और द्वापर में पारे के शिवलिंग का महत्व था, लेकिन कलियुग में पार्थिव शिवलिंग का महत्व सबसे अधिक माना गया है। इसका कारण यह है कि मिट्टी से बना शिवलिंग सरलता से उपलब्ध होता है और श्रद्धा से की गई पूजा से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं।
पार्थिल शिवलिंग की पूजा कैसे करें?
पार्थिव शिवलिंग पूजा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह मनुष्य को भोग और मोक्ष दोनों प्रदान करती है। भोग का अर्थ है जीवन में सुख, समृद्धि, धन, आयु और सफलता, जबकि मोक्ष का अर्थ है जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति। जो व्यक्ति प्रतिदिन श्रद्धा और निष्काम भाव से पार्थिव शिवलिंग की पूजा करता है, वह अंततः शिवलोक को प्राप्त करता है। और जो व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के केवल भक्ति भाव से पूजा करता है, उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
इस पूजा को करने के लिए सबसे पहले शुद्ध स्थान का चयन करना चाहिए। यह स्थान नदी के किनारे, तालाब के पास, किसी पर्वत पर, जंगल में, शिव मंदिर में या घर के किसी पवित्र स्थान पर हो सकता है। इसके बाद पवित्र मिट्टी को एकत्र करके उसे गंगाजल से शुद्ध किया जाता है और उससे शिवलिंग का निर्माण किया जाता है। मिट्टी से शिवलिंग बनाते समय मन में भगवान शिव का स्मरण करना चाहिए और पूर्ण श्रद्धा रखनी चाहिए।
पार्थिव शिवलिंग अभिषेक विधि
पूजा शुरू करने से पहले स्नान करके स्वयं को शुद्ध करना चाहिए और स्वच्छ वस्त्र धारण करने चाहिए। इसके बाद “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करते हुए पूजा सामग्री को शुद्ध किया जाता है। फिर शिवलिंग की स्थापना करके भगवान शिव का आवाहन किया जाता है। पूजा में सबसे पहले शिवलिंग का अभिषेक किया जाता है। अभिषेक के लिए दूध, दही, घी, शहद और शक्कर का उपयोग किया जाता है, जिसे पंचामृत कहा जाता है। इन पांचों वस्तुओं से शिवलिंग को स्नान कराने से भगवान शिव अत्यंत प्रसन्न होते हैं। इसके बाद जल से स्नान कराकर चंदन, रोली, अक्षत, फूल और बेलपत्र अर्पित किए जाते हैं। बेलपत्र भगवान शिव को विशेष रूप से प्रिय है, इसलिए इसे अवश्य चढ़ाना चाहिए।
इसके बाद भगवान शिव को नैवेद्य और फल अर्पित किए जाते हैं और उनके विभिन्न नामों जैसे हर, महेश्वर, शंभु, पशुपति, महादेव आदि का स्मरण किया जाता है। फिर शिवलिंग की आरती की जाती है और उसकी परिक्रमा करके साष्टांग प्रणाम किया जाता है। पूजा के अंत में भगवान शिव से प्रार्थना करनी चाहिए कि वे हमारे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें और हमारे सभी पापों को क्षमा करें। सच्चे मन से की गई यह प्रार्थना भगवान शिव तक अवश्य पहुंचती है।
पार्थिव शिवलिंग पूजा का महत्व
पार्थिव शिवलिंग पूजा का सबसे महत्वपूर्ण तत्व है भक्ति और श्रद्धा। इसमें बाहरी साधनों से अधिक महत्व मन की पवित्रता और सच्चे भाव का होता है। यदि कोई व्यक्ति सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करता है, तो भगवान शिव उसकी सभी इच्छाएं पूर्ण करते हैं और उसे जीवन में सही मार्ग दिखाते हैं। आज के कलियुग में, जब मनुष्य तनाव, असुरक्षा और परेशानियों से घिरा हुआ है, पार्थिव शिवलिंग पूजा उसे मानसिक शांति, आत्मिक शक्ति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। यह पूजा हमें भगवान शिव के करीब लाती है और हमें सिखाती है कि सच्ची भक्ति से ही जीवन का वास्तविक सुख और मोक्ष प्राप्त किया जा सकता है।
इस प्रकार पार्थिव शिवलिंग पूजा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मनुष्य के जीवन को सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति से भरने वाली एक सरल और प्रभावशाली साधना भी है। यह भी पढ़ें:-
(Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।)