Life Motivation: जीवन में कुछ बातें ऐसी होती हैं जिनका जवाब देने से समस्या खत्म होने के बजाय और बढ़ जाती है। यदि आप हर अफवाह पर प्रतिक्रिया देंगे तो आपका समय और ऊर्जा दोनों नष्ट होंगे।
Positive Thinking: देवी चित्रलेखा जी के अनुसार जीवन में जब हम आगे बढ़ते हैं तो हमारे बारे में तरह-तरह की बातें होना स्वाभाविक है। कई बार लोग बिना सच्चाई जाने हमारे बारे में अफवाहें फैलाने लगते हैं। ऐसी स्थिति में व्यक्ति परेशान हो जाता है और सोचने लगता है कि आखिर वह इन बातों का जवाब कैसे दे। लेकिन हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं होता। कई बार हमारी चुप्पी ही सबसे मजबूत जवाब होती है।
देवी चित्रलेखा जी समझाती हैं कि अफवाहें अक्सर उन लोगों की ओर से शुरू होती हैं जो किसी व्यक्ति से नफरत करते हैं या उसकी तरक्की से खुश नहीं होते। इसके बाद कुछ लोग बिना सच्चाई जाने उन बातों को आगे बढ़ाते रहते हैं। धीरे-धीरे वही बात अफवाह का रूप ले लेती है। सबसे बड़ी परेशानी तब होती है जब लोग बिना सोच-विचार किए किसी भी बात को सच मान लेते हैं।
इसलिए जब कोई आपके बारे में गलत बात कहे तो तुरंत परेशान होने या हर व्यक्ति को सफाई देने की जरूरत नहीं है। आपको यह समझना चाहिए कि हर व्यक्ति को अपनी सोच के अनुसार बात करने का अधिकार है, लेकिन आपको अपनी सच्चाई और अपने कर्मों पर भरोसा रखना चाहिए।
Trending Video
सच्चाई को खुद साबित करता है समय
अगर आप जानते हैं कि आपने कुछ गलत नहीं किया है तो दूसरों की बातों से अपने मन की शांति खराब नहीं करनी चाहिए। सच्चाई को साबित करने के लिए बार-बार शब्दों की जरूरत नहीं पड़ती। समय के साथ वास्तविकता सामने आ ही जाती है। जो लोग आज आपके खिलाफ बातें सुनकर आप पर विश्वास नहीं कर रहे हैं, हो सकता है कि कल वही लोग आपकी सच्चाई को समझें।
हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं
जीवन में कुछ बातें ऐसी होती हैं जिनका जवाब देने से समस्या खत्म होने के बजाय और बढ़ जाती है। यदि आप हर अफवाह पर प्रतिक्रिया देंगे तो आपका समय और ऊर्जा दोनों नष्ट होंगे। इसके बजाय अपने लक्ष्य, अपने कर्म और अपने व्यवहार पर ध्यान देना बेहतर है। आपकी सफलता और आपका अच्छा आचरण ही आपके बारे में सबसे बड़ा जवाब बन सकता है।
अपने कर्मों पर रखें विश्वास
देवी चित्रलेखा जी का संदेश है कि इंसान को दूसरों की बातों से अधिक अपने कर्मों पर भरोसा रखना चाहिए। यदि आपका मन साफ है और आपकी नीयत अच्छी है तो किसी के द्वारा फैलाई गई अफवाह आपकी सच्चाई को बदल नहीं सकती। इसलिए जीवन में जब भी आपके बारे में गलत बातें हों, तो घबराने के बजाय धैर्य रखें और सही रास्ते पर चलते रहें। आखिरकार, दुनिया क्या कहती है यह हमेशा हमारे हाथ में नहीं होता, लेकिन हम कैसे जीते हैं, कैसा व्यवहार करते हैं और अपने कर्मों को कितना सच्चा रखते हैं, यह हमारे हाथ में जरूर है। इसलिए हर बात का जवाब देने के बजाय कभी-कभी शांत रहकर अपनी सच्चाई के साथ आगे बढ़ना ही सबसे समझदारी भरा कदम होता है।