विज्ञापन
Home  dharm  ram navami on day 2 5 lakh lamps be lit in ayodhya water of saryu be sprinkled on devotees from drones

Ram Navami: रामनवमी के दिन अयोध्या में जलाए जाएंगे ढाई लाख दीपक, भक्तों पर ड्रोन से पड़ेंगी सरयू के फुहारें

जीवांजलिPublished by:
राघवेंद्र तिवारी
सार

Ram Navami in Ayodhya : अयोध्या में रामनवमी को लेकर खास तैयारी की जा रही है। श्री राम जी के जन्मोत्सव के मौके पर देश-विदेश से लाखों-करोड़ों श्रद्धालु अयोध्या आएंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए उन पर ड्रोन के माध्यम से रामपथ पर सरयू के पवित्र जल की फुहारें डाली जाएंगी।

Ram Navami in Ayodhya
Ram Navami in Ayodhya : अयोध्या में रामनवमी को लेकर खास तैयारी की जा रही है। श्री राम जी के जन्मोत्सव के मौके पर देश-विदेश से लाखों-करोड़ों श्रद्धालु अयोध्या आएंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए उन पर ड्रोन के माध्यम से रामपथ पर सरयू के पवित्र जल की फुहारें डाली जाएंगी। इसके साथ ही रामकथा पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। 

जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्रोन से सरयू जल का छिड़काव करने की तैयारी की जा रही है। वैसे भी सरयू की पौराणिक मान्यता है। रामनवमी पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालु आस्था के साथ सरयू में डुबकी भी लगाते हैं। ऐसे में इस बार यह विशेष पहल करने की योजना तैयार की गई है। 

उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से पांच व छह अप्रैल को रामकथा पार्क में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। सोहर व भजन के साथ ही श्रीराम को समर्पित गीत रामनगरी में गूंजेंगे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को कई प्रकार की सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। राममंदिर में सुगमतापूर्वक दर्शन के लिए सभी इंतजाम किए जाएंगे। 

सरयू नदी में स्नान करते समय किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके इंतजाम किए जा रहे हैं। रामजन्मभूमि पथ पर शेड की व्यवस्था की जा रही है। हनुमानगढ़ी जाने वाले मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था के साथ ही पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के लिए चटाई बिछाई जाएगी, ताकि पैदल चलते समय उनके पैर न जलें। धूप से बचाव के लिए यहां शामियाना और टेंट भी लगाए जा रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी तो दर्शन की अवधि बढ़ाई जाएगी

रामनवमी पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से राम मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सूर्य तिलक मुख्य आकर्षण होगा। रामलला के दर्शन अवधि के संबंध में अंतिम निर्णय ट्रस्ट लेगा। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी तो दर्शन की अवधि बढ़ाई जाएगी। ऐसा पहले भी किया जा चुका है।

सामाजिक संगठनों के सहयोग से भंडारे चलाए जाएंगे

जिलाधिकारी के मुताबिक रामनवमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में उनके लिए जगह-जगह शेड, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार गर्मी व धूप से बचाव के उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से भंडारे व जल प्याऊ की व्यवस्था भी प्रभावी की जा रही है।

रामनवमी पर दीपोत्सव में जलाए जाएंगे ढाई लाख दीये

रामनवमी पर अयोध्या में छह अप्रैल को शाम पांच बजे से साढ़े सात बजे तक ढाई लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। ये दीये पक्का घाट, चौधरी चरण सिंह घाट व रामकथा पार्क के सामने राम की पैड़ी को रोशन करेंगे। यह दीपोत्सव न सिर्फ आध्यात्म का प्रतीक होगा, बल्कि पर्यटकों के लिए अनूठा नजारा भी प्रस्तुत करेगा। डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर पांच अप्रैल को सुबह सात बजे राम मंदिर से कनक भवन होते हुए रानी हो पार्क तक हेरिटेज वॉक निकाली जाएगी, जो रामकथा पार्क में समाप्त होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस बार श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामनवमी का पर्व ऐतिहासिक व भव्य तरीके से मनाया जाएगा। रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में सरस मेला और फर्नीचर मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। रामकथा पार्क में लगने वाले सरस मेले में देशभर के हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। फर्नीचर मेले में स्थानीय कारीगरों की कला का प्रदर्शन होगा।

यह भी पढ़ें- Chaitra Navratri 2025: पंचग्रही योग में मनाई जाएगी दुर्गाष्टमी, जानिए शुभ संयोग, पूजा विधि और चमत्कारी मंत्र

यह भी पढ़ें- Chaitra Navratri 2025: मां महागौरी की पौराणिक कथा, कैसे हुआ रौद्र से गौरी रूप में परिवर्तन

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel