Mahabharata Mythological Story: महाभारत की कथा में भगवान श्रीकृष्ण को योगेश्वर, नीतिज्ञ और धर्म की रक्षा करने वाले भगवान के रूप में जाना जाता है। उन्होंने पांडवों का साथ देकर महाभारत के युद्ध में धर्म की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया था। लेकिन क्या आपको पता है कि महाभारत में एक ऐसे ऋषि का भी उल्लेख मिलता है, जिन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को ही श्राप दे दिया था? इन ऋषि का नाम उत्तंक था। कहा जाता है कि जब उन्हें कुरुक्षेत्र के विनाशकारी युद्ध और कौरव-पांडवों के संहार का समाचार मिला, तो वे भगवान कृष्ण पर क्रोधित हो गए। उनके मन में यह सवाल था कि जब श्रीकृष्ण के पास इतनी शक्ति थी, तो उन्होंने इस युद्ध को रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया? आखिर कौन थे ऋषि उत्तंक और क्यों उन्होंने भगवान कृष्ण को श्राप देने का निर्णय लिया था? आइए जानते हैं महाभारत से जुड़ी यह रोचक पौराणिक कथा।
कौन थे ऋषि उत्तंक?
महाभारत के अनुसार, ऋषि उत्तंक एक तपस्वी और गुरु के प्रति समर्पित ब्राह्मण थे। उनका जीवन तपस्या, संयम और गुरु सेवा के लिए जाना जाता है। महाभारत के आश्वमेधिक पर्व में उनका विशेष उल्लेख मिलता है। उनकी कथा भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण घटना के कारण भी प्रसिद्ध है। ऋषि उत्तंक अपने तप और साधना के बल पर विशेष आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त कर चुके थे। वे धर्म और न्याय के पक्षधर थे और अन्याय को सहन करना उन्हें स्वीकार नहीं था।
गुरु दक्षिणा के लिए किया कठिन प्रयास
ऋषि उत्तंक की कथा का एक महत्वपूर्ण प्रसंग उनकी गुरु भक्ति से जुड़ा है। कहा जाता है कि उन्होंने अपने गुरु की पत्नी की इच्छा पूरी करने के लिए कठिन प्रयास किया था। गुरु माता ने उनसे राजा पौष्य की रानी के कुंडल लाने को कहा। उत्तंक उन कुंडलों को प्राप्त करने के लिए राजा के पास पहुंचे। वहां से कुंडल लेकर लौटते समय तक्षक नाग ने उन्हें छीन लिया और पाताल लोक में चला गया। इसके बाद उत्तंक ने कठिन प्रयास करके नागलोक से कुंडल वापस प्राप्त किए और अपनी गुरु माता को सौंप दिए। यह प्रसंग उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और गुरु के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
युद्ध की खबर सुनकर क्रोधित हो गए उत्तंक
महाभारत के आश्वमेधिक पर्व में ऋषि उत्तंक और भगवान श्रीकृष्ण के बीच हुई मुलाकात का विस्तार से वर्णन मिलता है। कुरुक्षेत्र का युद्ध समाप्त होने के बाद भगवान श्रीकृष्ण द्वारका लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मुलाकात ऋषि उत्तंक से हुई। ऋषि ने उनसे कौरवों और पांडवों के बीच हुए युद्ध के बारे में पूछा। वे जानना चाहते थे कि क्या भगवान कृष्ण दोनों पक्षों के बीच शांति स्थापित करने में सफल रहे थे।
भगवान कृष्ण ने उन्हें बताया कि उन्होंने युद्ध रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया था। वे स्वयं शांति दूत बनकर हस्तिनापुर गए थे और कौरवों को समझाने की कोशिश की थी। उन्होंने दुर्योधन के सामने पांडवों के लिए केवल पांच गांव देने तक का प्रस्ताव रखा था, लेकिन दुर्योधन अपनी जिद पर अड़ा रहा। उसने भगवान कृष्ण की बात मानने से इनकार कर दिया। अंत में दोनों पक्षों के बीच युद्ध हुआ, जिसमें धृतराष्ट्र के सभी पुत्रों सहित अनेक योद्धाओं और उनके परिवारों का विनाश हो गया।
ऋषि उत्तंक ने क्यों दिया श्राप?
जब ऋषि उत्तंक को युद्ध में हुए भयानक नरसंहार के बारे में पता चला, तो वे बहुत दुखी और क्रोधित हो गए। उन्हें लगा कि भगवान कृष्ण के पास इतनी शक्ति थी कि वे चाहते तो कौरवों और पांडवों के बीच युद्ध को रोक सकते थे। इसके बावजूद उन्होंने युद्ध होने दिया और इतने लोगों की जान चली गई। उत्तंक ने कृष्ण से कहा कि जब वे युद्ध रोकने में समर्थ थे, तो उन्होंने कौरवों को बलपूर्वक क्यों नहीं रोका? इसी बात से नाराज होकर उन्होंने भगवान कृष्ण को श्राप देने की बात कही।
ऋषि उत्तंक का मानना था कि भगवान कृष्ण ने अपने संबंधियों को विनाश से बचाने के लिए अपनी पूरी शक्ति का इस्तेमाल नहीं किया। उनके क्रोध का कारण केवल युद्ध में हुई मृत्यु नहीं थी, बल्कि यह सवाल भी था कि जब भगवान स्वयं धर्म की रक्षा कर सकते थे, तो उन्होंने इतने बड़े विनाश को होने क्यों दिया।
भगवान कृष्ण ने दिखाया अपना दिव्य स्वरूप
ऋषि उत्तंक के क्रोध को देखकर भगवान कृष्ण ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने ऋषि से कहा कि वे बिना पूरी बात जाने किसी निर्णय पर न पहुंचें। इसके बाद भगवान कृष्ण ने उन्हें समझाया कि उन्होंने शांति स्थापित करने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी थी। उन्होंने दुर्योधन को समझाया, उसे धर्म का मार्ग दिखाया और युद्ध रोकने के लिए कई अवसर दिए, लेकिन उसने अपने अहंकार और अधर्म का रास्ता नहीं छोड़ा।
भगवान कृष्ण ने यह भी स्पष्ट किया कि संसार में कर्म और समय का अपना महत्व है। जब मनुष्य अधर्म के मार्ग पर चलकर अपने विनाश को आमंत्रित करता है, तो उसे उसके कर्मों का परिणाम भुगतना पड़ता है। इसके बाद श्रीकृष्ण ने ऋषि उत्तंक को अपना विराट और दिव्य स्वरूप दिखाया। भगवान के इस स्वरूप को देखकर ऋषि समझ गए कि उनके सामने कोई साधारण मनुष्य नहीं, बल्कि स्वयं परमात्मा खड़े हैं। उनका क्रोध शांत हो गया और उन्होंने भगवान कृष्ण को प्रणाम किया।
कृष्ण ने दिया उत्तंक को वरदान
भगवान कृष्ण के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने के बाद ऋषि उत्तंक को अपनी भूल का एहसास हुआ। उन्होंने भगवान से क्षमा मांगी। इसके बाद श्रीकृष्ण ने उनसे कहा कि वे उनसे कोई वरदान मांग सकते हैं। ऋषि उत्तंक ने अपने लिए धन, वैभव या किसी विशेष शक्ति की मांग नहीं की, बल्कि उन्होंने भगवान से ऐसा वरदान मांगा कि जब भी उन्हें प्यास लगे और वे किसी निर्जन स्थान पर हों, तो उन्हें पानी मिल सके।
भगवान कृष्ण ने उनकी यह इच्छा स्वीकार कर ली और उन्हें वरदान दिया कि जब भी उन्हें प्यास लगेगी, वे उनका स्मरण करेंगे तो उनके लिए पानी की व्यवस्था हो जाएगी।
इंद्र ने क्यों लिया चांडाल का रूप?
इस कथा का एक और रोचक प्रसंग इसके बाद आता है। भगवान कृष्ण से वरदान मिलने के कुछ समय बाद ऋषि उत्तंक एक रेगिस्तानी क्षेत्र से गुजर रहे थे। लंबी यात्रा के कारण उन्हें बहुत तेज प्यास लगी। उन्हें भगवान कृष्ण का वरदान याद आया और उन्होंने मन ही मन उनका स्मरण किया।
तभी उनके सामने एक चांडाल प्रकट हुआ, जिसके साथ कुछ कुत्ते भी थे। उसने ऋषि को पानी पीने के लिए दिया, लेकिन उसका रूप और वेश देखकर उत्तंक ने पानी पीने से इनकार कर दिया। उन्हें लगा कि एक तपस्वी होकर वे ऐसे व्यक्ति के हाथों से पानी कैसे पी सकते हैं। चांडाल ने कई बार उनसे पानी पीने का आग्रह किया, लेकिन ऋषि नहीं माने। कुछ समय बाद वह वहां से गायब हो गया।
इसके बाद भगवान कृष्ण प्रकट हुए और उन्होंने ऋषि को बताया कि वह कोई साधारण चांडाल नहीं, बल्कि देवराज इंद्र थे। भगवान कृष्ण ने इंद्र से आग्रह किया था कि वे ऋषि उत्तंक को अमृत प्रदान करें, लेकिन इंद्र ने अमृत देने के बजाय चांडाल का रूप धारण करके उनके सामने पानी प्रस्तुत किया था। ऋषि ने अपने बाहरी रूप के आधार पर उसे अस्वीकार कर दिया और इस तरह वे उस अवसर को पहचान नहीं पाए।
उत्तंक के नाम पर पड़े बादलों का नाम