Vaikuntha Chaturdashi 2026: हिंदू धर्म में भगवान विष्णु और भगवान शिव को सृष्टि के पालन और संहार से जुड़ी दो प्रमुख शक्तियां माना जाता है। दोनों देवताओं की उपासना के लिए कई विशेष पर्व मनाए जाते हैं, लेकिन वैकुंठ चतुर्दशी का महत्व कुछ अलग है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की एक साथ पूजा करने की परंपरा है, जिसे हरिहर पूजा कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु और शिव की आराधना करने से भक्तों को दोनों देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि वैकुंठ चतुर्दशी पर विशेष रूप से रात में ही हरिहर पूजा क्यों की जाती है और इसके पीछे कौन-सी पौराणिक कथा जुड़ी है? आइए जानते हैं इसका धार्मिक महत्व।
वैकुंठ चतुर्दशी 2026 कब है?
साल 2026 में वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व 23 नवंबर, सोमवार को मनाया जाएगा। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को आता है। पंचांग के अनुसार, चतुर्दशी तिथि 23 नवंबर को सुबह 2 बजकर 36 मिनट से शुरू होकर रात 11 बजकर 42 मिनट तक रहेगी। इस दिन निशीथ काल में भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व माना गया है। नई दिल्ली के अनुसार, निशीथ काल रात 11 बजकर 41 मिनट से 12 बजकर 35 मिनट तक रहेगा।
रात में ही क्यों होती है हरिहर पूजा?
वैकुंठ चतुर्दशी की रात हरिहर पूजा करने के पीछे भगवान विष्णु और भगवान शिव से जुड़ी धार्मिक मान्यता है। मान्यता के अनुसार, चातुर्मास के दौरान भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं और इस अवधि में सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव उन्हें सृष्टि के पालन का दायित्व दोबारा सौंपते हैं। इसी प्रसंग को हरि-हर मिलन कहा जाता है। इसीलिए इस दिन दोनों देवताओं की संयुक्त पूजा की जाती है। विशेष रूप से मध्यरात्रि में भगवान विष्णु की आराधना का विधान बताया गया है।
भगवान विष्णु ने शिवजी को चढ़ाया था अपना नेत्र
वैकुंठ चतुर्दशी से जुड़ी एक बेहद प्रचलित पौराणिक कथा भगवान विष्णु की शिव भक्ति को दर्शाती है। शिव पुराण की कथा के अनुसार, एक बार भगवान विष्णु ने भगवान शिव की आराधना करने का संकल्प लिया। इसके लिए उन्होंने एक हजार कमल के फूलों से महादेव की पूजा करने का निश्चय किया। वे भगवान शिव के एक हजार नामों का जाप करते हुए प्रत्येक नाम के साथ एक कमल का फूल अर्पित कर रहे थे। तभी भगवान शिव ने उनकी भक्ति की परीक्षा लेने के लिए एक कमल का फूल छिपा दिया। जब भगवान विष्णु को एक फूल कम दिखाई दिया, तो उन्होंने पूजा का संकल्प पूरा करने के लिए अपना एक नेत्र अर्पित करने का निर्णय लिया। भगवान विष्णु के नेत्रों की तुलना कमल से की जाती है, इसलिए उन्हें कमलनयन भी कहा जाता है। उनकी इस अटूट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव प्रकट हुए और उन्हें उनका नेत्र वापस दिया। साथ ही भगवान विष्णु को सुदर्शन चक्र भी प्रदान किया।
हरिहर पूजा में तुलसी और बेलपत्र का महत्व
इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा में तुलसी और बेलपत्र का विशेष महत्व है। धार्मिक परंपरा के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु को बेलपत्र और भगवान शिव को तुलसी दल अर्पित किए जाते हैं। सामान्य दिनों में तुलसी भगवान विष्णु को और बेलपत्र भगवान शिव को चढ़ाया जाता है, लेकिन वैकुंठ चतुर्दशी पर दोनों देवताओं को एक-दूसरे की प्रिय सामग्री अर्पित करने की परंपरा है। इसे दोनों देवताओं के प्रति सम्मान और एकता का प्रतीक माना जाता है। भक्त इस दिन भगवान विष्णु को कमल के फूल अर्पित करते हैं और विष्णु सहस्रनाम का पाठ भी करते हैं।
काशी और उज्जैन में विशेष आयोजन
वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व काशी और उज्जैन में विशेष रूप से मनाया जाता है। काशी में इस दिन भगवान विष्णु को काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष सम्मान दिया जाता है। वहीं उज्जैन में हरिहर मिलन की परंपरा प्रसिद्ध है। यहां भगवान महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर पहुंचती है, जहां भगवान शिव और भगवान विष्णु के मिलन का धार्मिक आयोजन किया जाता है। इस दौरान दोनों देवताओं के बीच प्रतीकात्मक रूप से पूजन सामग्री और मालाओं का आदान-प्रदान भी किया जाता है। इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
वैकुंठ चतुर्दशी पर पूजा का फल