facebook pixel
विज्ञापन
Home›  dharm›  shri krishna and sudama story kyo chhipayi thi bhagvan krishan ne chaval ki potali

Shri Krishna And Sudama Story:सुदामा ने श्रीकृष्ण से क्यों छिपाई थी चावल की पोटली? जानिए इसके पीछे की रोचक कथा

जीवांजलि धर्म डेस्कPublished by:
कोमल शर्मा
सार

Shri Krishna And Sudama Story: भगवान कृष्ण और उनके प्रिय मित्र सुदामा की मित्रता आज भी सच्ची दोस्ती, प्रेम और निस्वार्थ भाव का सबसे सुंदर उदाहरण मानी जाती है।

Shri Krishna And Sudama Story:
Shri Krishna And Sudama Story: भगवान कृष्ण और उनके प्रिय मित्र सुदामा की मित्रता आज भी सच्ची दोस्ती, प्रेम और निस्वार्थ भाव का सबसे सुंदर उदाहरण मानी जाती है। द्वापर युग में जब भगवान कृष्ण द्वारका के राजा थे तब उनके बचपन के मित्र सुदामा एक अत्यंत निर्धन ब्राह्मण के रूप में जीवन व्यतीत कर रहे थे। घोर आर्थिक तंगी के बावजूद सुदामा के मन में कभी लालच ने जगह नहीं बनाई। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अपने मित्र कृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचने पर सुदामा ने अपने साथ लाए चावल की छोटी सी पोटली क्यों छिपा ली थी? इसके पीछे एक बहुत ही दिलचस्प और मार्मिक कहानी है।


कथा के अनुसार सुदामा अत्यंत गरीबी में जीवन बिता रहे थे। कई बार उनके घर में परिवार का पेट भरने के लिए पर्याप्त भोजन भी नहीं होता था। उनकी पत्नी अपने बच्चों की परेशानियों को देखकर दुखी रहती थीं। एक दिन उन्होंने सुदामा को सुझाव दिया कि वे द्वारका जाकर अपने पुराने मित्र श्रीकृष्ण से मिलें।पत्नी के कहने पर सुदामा कृष्ण से मिलने के लिए तैयार हो गए। हालांकि उन्हें लगा कि किसी मित्र के घर खाली हाथ जाना उचित नहीं होगा। उनके पास देने के लिए कुछ खास नहीं था इसलिए उनकी पत्नी ने थोड़े से चावल एक छोटी-सी पोटली में बांधकर उन्हें भेंट के रूप में दे दिए।

सुदामा चावल की पोटली लेकर द्वारका पहुंचे।

अपने बचपन के मित्र के आने का समाचार मिलते ही श्रीकृष्ण अत्यंत प्रसन्न हुए और उनका स्वागत करने के लिए दौड़े चले आए। उन्होंने सुदामा को गले लगाया और बड़े प्रेम से उनका आदर-सत्कार किया। श्रीकृष्ण ने अपने मित्र को राजमहल में बिठाया और स्वयं उनके चरण धोए। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।

सुदामा ने चावल की पोटली क्यों छिपाई?

कथा के अनुसार, सुदामा को संकोच हुआ और उन्होंने अपने मित्र के लिए लाई गई चावल की पोटली छिपाने की कोशिश की। वे सोच रहे थे कि द्वारका के राजा श्रीकृष्ण को भला वे मुट्ठी भर चावल कैसे भेंट कर सकते हैं? उन्हें इतनी मामूली भेंट देने में शर्म आ रही थी।लेकिन श्रीकृष्ण अपने मित्र के मन की बात समझ गए। उन्होंने सुदामा से पूछा कि वे उनके लिए क्या भेंट लाए हैं। जब सुदामा चुप रहेतो श्रीकृष्ण की नजर चावल की पोटली पर पड़ी। उन्होंने बड़े स्नेह से उसे अपने हाथों में ले लिया।जैसे ही श्रीकृष्ण ने पोटली खोली, वे अत्यंत प्रसन्न हो उठे। उन्होंने बड़े चाव से एक मुट्ठी चावल निकाले और खाने लगे। उनके लिए ये चावल किसी भी शाही पकवान से कहीं अधिक मूल्यवान थे, क्योंकि इनमें उनके प्रिय मित्र का प्रेम और स्नेह समाया हुआ था।

चावल की एक मुट्ठी ने बदल दी सुदामा की किस्मत

कथा के अनुसार जैसे ही श्रीकृष्ण ने चावल की पहली मुट्ठी खाई, सुदामा के घर में सुख-समृद्धि का आगमन होने लगा। जब वे दूसरी मुट्ठी लेने लगे तो देवी रुक्मिणी ने उन्हें प्रेमपूर्वक रोक दिया। मान्यता है कि भगवान की कृपा से सुदामा के जीवन से दरिद्रता दूर हो गई।सुदामा ने कभी श्रीकृष्ण से धन-संपत्ति या भौतिक सुख-सुविधाओं की मांग नहीं की थी। वे अपने मित्र का प्रेम और सानिध्य पाकर ही संतुष्ट होकर घर लौटे। लेकिन जब वे अपने गांव पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी साधारण सी झोपड़ी एक भव्य महल में बदल गई थी और उनका परिवार सुख-समृद्धि से भर गया था।

यह भी पढ़ें:- 

Lord Ganesha: गणेश जी के बड़े कानों का क्या है रहस्य? जानिए धार्मिक महत्व 

Lord Hanuman: हनुमान जी को चमेली का तेल क्यों चढ़ाते हैं? जानिए इसके पीछे का धार्मिक महत्व और रहस्य  

Hanuman Ji Katha: हनुमान जी पर इंद्रदेव ने क्यों किया था प्रहार? जानें पौराणिक कथा 

(Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।)

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel