facebook pixel
विज्ञापन
Home  dharm  saint stories  chatur narayan ji maharaj told how do saints bestow their grace know a true incident

Chatur Narayan Ji Maharaj: संतों की कृपा कैसे होती है, जानिए क्या है सच्ची घटना और उसका महत्व

जीवांजलि धर्म डेस्कPublished by:
कथावाचक चतुर नारायण जी महाराज
सार

Devotional Motivation: संतों की कृपा और उनके महत्व का गहरा संदेश देती है। सच्चे संत किसी से द्वेष नहीं करते। वे अपमान, तिरस्कार और कठोर व्यवहार के बदले भी प्रेम, क्षमा और मंगल की भावना रखते हैं। 
 

Chatur Narayan Ji Maharaj
Moral Spiritual Story: कथावाचक चतुर नारायण जी महाराज अपने अपने प्रवचनों में एक कहानी का जिक्र किया है। जिसमें वे कहते हैं कि एक बार की बात है। एक संत महाराज रेलगाड़ी में यात्रा कर रहे थे। उनके पास उनका छोटा-मोटा सामान रखा हुआ था। उसी डिब्बे में उनके सामने एक धनवान सेठ भी बैठे थे। सेठ जी देखने में बड़े प्रतिष्ठित और संपन्न व्यक्ति लग रहे थे। जब उनकी नजर संत पर पड़ी तो उन्होंने संत के सामान को देखकर मन ही मन उनका उपहास करना शुरू कर दिया। वे अपने पास बैठे लोगों से धीमी आवाज में कहने लगे कि आजकल के महात्माओं के भी बड़े ठाठ-बाट हैं। हमारे पास तो एक बैग है और इनके पास दो-दो बैग हैं। पता नहीं कैसे-कैसे लोग संत बन जाते हैं।

संत महाराज ने उनकी बातें सुन लीं, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वे शांत भाव से बैठे रहे। कुछ देर बाद उन्होंने प्रेमपूर्वक सेठ जी से कहा, “भाई साहब, भगवान का नाम लिया करो, राम-राम कहा करो। जीवन में इससे बड़ा कोई सहारा नहीं है।”

भगवान के नाम से दूरी

संत की बात सुनकर सेठ जी और अधिक नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि तुम लोग पहले राम-राम करने को कहते हो, फिर तरह-तरह की बातें समझाकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हो। मैं तुम्हारे चक्कर में आने वाला नहीं हूं। संत महाराज ने देखा कि यह व्यक्ति भगवान के नाम से भी दूर भाग रहा है। उनके मन में उसके लिए दया जागी। उन्होंने कई बार प्रेम से समझाने का प्रयास किया, लेकिन सेठ जी हर बार कठोर शब्द बोलते और नाराज हो जाते। फिर भी संत ने उनके प्रति अपने मन में कोई बुरा भाव नहीं आने दिया। वे केवल यही सोचते रहे कि किसी प्रकार इस व्यक्ति का कल्याण हो जाए।

संत की करुणा और कल्याण की भावना

चतुर नारायण जी महाराज ने आगे बताया कि कुछ समय बाद सेठ जी को नींद आ गई। वे गहरी नींद में सो गए। संत महाराज उन्हें देखते रहे। उनके मन में एक ही विचार चल रहा था कि भगवान ने इस व्यक्ति से मेरा मिलन कराया है तो इसका कोई कारण अवश्य होगा। यदि मेरे द्वारा इसका आध्यात्मिक कल्याण हो सकता है तो मुझे अवश्य प्रयास करना चाहिए। यह सोचकर संत महाराज ने अपनी झोली में से तुलसी की कंठी निकाली और बहुत सावधानी से सेठ जी के गले में पहन दी। इसके बाद उन्होंने गोपी चंदन घिसकर उनके माथे पर तिलक लगाने का प्रयास किया। जैसे ही चंदन उनके माथे पर लगा, सेठ जी की आंख खुल गई।

क्रोध का उत्तर प्रेम से

जागते ही उन्होंने देखा कि संत उनके माथे पर तिलक लगा रहे हैं। यह देखकर वे अत्यंत क्रोधित हो गए। गुस्से में उन्होंने संत महाराज को एक तमाचा मार दिया, लेकिन आश्चर्य की बात यह थी कि संत के चेहरे पर जरा भी क्रोध नहीं आया। संत ने अत्यंत विनम्रता से कहा, “महाशय, आपने एक गाल पर मारा है। यदि आपका क्रोध अभी शांत नहीं हुआ हो तो दूसरा गाल भी उपस्थित है, वहां भी मार सकते हैं, लेकिन अब आपका कल्याण हो चुका है। आपके गले में तुलसी की कंठी पड़ गई है, आपके कानों में राम नाम पहुंच चुका है और आपके माथे पर तिलक भी लग गया है। अब भगवान की कृपा आप पर अवश्य होगी।”

परिवर्तन का अद्भुत क्षण

संत के इन शब्दों ने सेठ जी के हृदय को झकझोर दिया। उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि जिस व्यक्ति का उन्होंने अपमान किया, उसे थप्पड़ मारा, वही व्यक्ति उनके कल्याण की बात कर रहा है। उस क्षण उन्हें महसूस हुआ कि यह साधारण मनुष्य नहीं, बल्कि सच्चे संत हैं, जिनके हृदय में केवल प्रेम, दया और करुणा भरी हुई है। उनका कठोर हृदय पिघल गया। वे तुरंत संत महाराज के चरणों में गिर पड़े और फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, “महाराज, मुझे क्षमा कर दीजिए। मुझसे बहुत बड़ा अपराध हो गया।”

संतों की महानता का संदेश

संत महाराज ने उन्हें प्रेम से उठाया और अपने हृदय से लगा लिया। फिर मुस्कुराते हुए बोले कि तुमसे कोई अपराध नहीं हुआ। तुम्हारी जैसी वृत्ति थी, तुमने वैसा व्यवहार किया। मेरी जैसी वृत्ति है, मैंने वैसा व्यवहार किया। लेकिन एक बात याद रखो, जब असाधु अपनी असाधुता नहीं छोड़ता, तो साधु अपनी साधुता क्यों छोड़े? साधु का धर्म है प्रेम करना, क्षमा करना और सबका कल्याण चाहना।” 

यह घटना हमें संतों की कृपा और उनके महत्व का गहरा संदेश देती है। सच्चे संत किसी से द्वेष नहीं करते। वे अपमान, तिरस्कार और कठोर व्यवहार के बदले भी प्रेम, क्षमा और मंगल की भावना रखते हैं। उनका उद्देश्य केवल एक ही होता है। जीव का कल्याण और उसे भगवान से जोड़ना। यही संतों की सच्ची महानता और उनकी कृपा का रहस्य है।

ये भी पढ़ें -  अधिक मास में हनुमान जी को जरूर लगाएं ये 1 भोग, प्राप्त होगी विशेष कृपा!

ये भी देखें

Swami Raghavacharya Ji Maharaj
स्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज
23 July 2026
Swami Ashutoshanand Giri Ji Maharaj
स्वामी आशुतोषानंद गिरि जी महाराज
23 July 2026
Devi Maheshwari Ji
कथावाचक देवी माहेश्वरी जी (श्रीजी)
23 July 2026
Shyam Sundar Parashar Ji Maharaj
नीरज के. पटेल
21 July 2026
Shivam Sadhak Ji Maharaj
नीरज के. पटेल
21 July 2026

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel