facebook pixel
विज्ञापन
Home›  dharm›  jab devtaon ne swarg mein manayi thi diwali dharti par kaise shuru hui dev deepawali ki parampara

Dev Deepawali: जब देवताओं ने स्वर्ग में मनाई थी दिवाली, धरती पर कैसे शुरू हुई देव दीपावली की परंपरा?

जीवांजलि धर्म डेस्कPublished by:
नीरज के. पटेल
सार

Diwali of Gods: देव दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक भी है। 
 

Diwali of Gods
Ganga Ghat Deep Daan: हिंदू धर्म में दिवाली का त्योहार बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। दीपावली के लगभग 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा पर एक और दीपोत्सव मनाया जाता है, जिसे देव दीपावली कहा जाता है। इस दिन वाराणसी समेत देश के कई तीर्थस्थलों पर दीप जलाए जाते हैं। खासतौर पर काशी के गंगा घाटों पर लाखों दीपकों की रोशनी अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करती है। धार्मिक मान्यता है कि देव दीपावली के दिन स्वयं देवी-देवता धरती पर उतरकर दीपोत्सव मनाते हैं, लेकिन आखिर देवताओं ने स्वर्ग में दिवाली क्यों मनाई थी और धरती पर इस परंपरा की शुरुआत कैसे हुई?

देव दीपावली की सबसे प्रचलित पौराणिक कथा भगवान शिव और त्रिपुरासुर के वध से जुड़ी हुई है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, तारकासुर के वध के बाद उसके तीन पुत्र तारकाक्ष, विद्युन्माली और कमलाक्ष अपने पिता की मृत्यु का बदला लेना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने कठोर तपस्या करके ब्रह्मा जी को प्रसन्न किया। ब्रह्मा जी ने उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर उन्हें वरदान दिया। इसके बाद तीनों असुरों ने तीन शक्तिशाली नगरों का निर्माण कराया। इन नगरों को त्रिपुर कहा गया। वरदान और अपनी शक्ति के घमंड में तीनों असुर अत्याचार करने लगे। उन्होंने देवताओं, ऋषि-मुनियों और धरती के लोगों का जीवन कठिन बना दिया।

देवताओं ने भगवान शिव से मांगी सहायता

त्रिपुरासुर के अत्याचार लगातार बढ़ते जा रहे थे। तीनों असुरों ने स्वर्ग पर भी अपना प्रभाव जमा लिया था। इससे परेशान होकर सभी देवी-देवता भगवान शिव के पास पहुंचे। उन्होंने महादेव से प्रार्थना की कि वे असुरों के आतंक से सभी को मुक्ति दिलाएं। देवताओं की प्रार्थना सुनकर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का अंत करने का संकल्प लिया। पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान शिव ने एक दिव्य रथ पर सवार होकर अपने विशेष अस्त्र से तीनों असुरों के नगरों का विनाश कर दिया। इसी कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी और त्रिपुरांतक नाम से भी जाना जाता है।

त्रिपुरासुर का वध

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव ने कार्तिक महीने की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर त्रिपुरासुर का वध किया था। इस दिन को त्रिपुरी पूर्णिमा और त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। त्रिपुरासुर के अंत के बाद तीनों लोकों में खुशी का वातावरण बन गया। देवताओं को लंबे समय से असुरों के अत्याचार का सामना करना पड़ रहा था। भगवान शिव की विजय से उन्हें भय और संकट से मुक्ति मिली। इसी खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया। धार्मिक परंपरा में इसे देवताओं की दीपावली के रूप में याद किया जाता है।

धरती पर कैसे शुरू हुई परंपरा?

मान्यता है कि भगवान शिव की विजय के बाद सभी देवी-देवता उनकी नगरी काशी पहुंचे। यहां उन्होंने मां गंगा के पवित्र तट पर दीप जलाकर भगवान शिव का आभार व्यक्त किया। कहा जाता है कि देवताओं ने गंगा स्नान किया और घाटों पर दीपों की रोशनी से उत्सव मनाया। इसी धार्मिक मान्यता के आधार पर कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। इस दिन काशी के गंगा घाटों पर दीपदान किया जाता है। मंदिरों और घरों को भी दीपकों से सजाया जाता है। श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा करके सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।

काशी में क्यों खास होती है देव दीपावली?

वाराणसी को भगवान शिव की नगरी और मोक्षदायिनी काशी कहा जाता है। यहां देव दीपावली का उत्सव विशेष भव्यता के साथ मनाया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा की शाम दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और अन्य गंगा घाटों पर दीप जलाए जाते हैं। गंगा आरती और दीपों से सजे घाटों का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होता है।

देव दीपावली का धार्मिक संदेश

देव दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक भी है। भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर का अंत यह संदेश देता है कि अहंकार और अत्याचार चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंत में सत्य और धर्म की ही जीत होती है। यही वजह है कि कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।

ये भी पढ़ें -  कार्तिक पूर्णिमा पर क्यों जलाए जाते हैं आकाशदीप? जानिए पितरों और देवताओं से जुड़ी मान्यता

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel