Dev Diwali : हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन वाराणसी में 'देव दीपावली' का त्योहार बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है।
Dev Diwali : हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन वाराणसी में 'देव दीपावली' का त्योहार बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस शुभ अवसर पर वाराणसी का माहौल पूरी तरह से उत्सवमय हो जाता है, जब घाटों पर लाखों की संख्या में मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं। देव दीपावली के दिन लोगों का उत्साह देखने लायक होता है। जहाँ कार्तिक महीने की अमावस्या को पूरे देश में दीपावली मनाई जाती है, वहीं वाराणसी में ठीक 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली मनाई जाती है। लेकिन क्या आप इसके पीछे की कहानी जानते हैं? अगर नहींतो आइए इस लेख में हम आपको इसका कारण बताते हैं।
देव दीपावली कब है?
कार्तिक पूर्णिमा तिथि का आरंभ: 23 नवंबर को रात 11:42 बजे
कार्तिक पूर्णिमा तिथि की समाप्ति: 24 नवंबर को रात 8:23 बजे
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष देव दीपावली का पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा।
देव दीपावली क्यों मनाई जाती है?
पौराणिक कथाओं के अनुसार प्राचीन काल में त्रिपुरासुर नामक राक्षस ने तीनों लोकों पर अपना अधिकार जमा लिया था और चारों ओर हाहाकार मचा दिया था। इससे परेशान होकर सभी देवी-देवता भगवान शिव की शरण में गए। तब भगवान शिव ने 'त्रिपुरारी' का रूप धारण किया और उस राक्षस का वध करके तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्त कराया। इसके बाद राक्षस के अंत का जश्न मनाने और महादेव के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सभी देवी-देवता काशी आए और उन्होंने गंगा के तट पर लाखों दीये जलाए। यह दिन कार्तिक पूर्णिमा का था। तब से इस दिन को 'देव दीपावली' के रूप में मनाया जाने लगा। यही कारण है कि दीपावली के 15 दिन बाद काशी में देव दीपावली का त्योहार बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। राक्षस त्रिपुरासुर के वध की कथा का वर्णन शिव महापुराण के अंतर्गत 'रुद्र संहिता' के पांचवें खंड में मिलता है।
देव दीपावली का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देव दीपावली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जो भगवान शिव द्वारा राक्षस त्रिपुरासुर के विनाश से जुड़ी है। माना जाता है कि इस दिन सभी देवी-देवता स्वर्ग से उतरकर काशी में गंगा के तट पर आते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन गंगा में स्नान करने और दीपदान करने से भक्तों के सभी पाप धुल जाते हैं और उनके जीवन के दुख-कष्ट दूर हो जाते हैं। इस दिन दान-पुण्य करना विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि दान करने से आर्थिक लाभ के अवसर बनते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।