facebook pixel
विज्ञापन
Home›  dharm›  khatu shyam ke darbar mein kyon goonjta hai haare ka sahara baba shyam hamara janiye iska arth

Baba Shyam Darbar: खाटू श्याम के दरबार में क्यों गूंजता है 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा'? जानिए इसका अर्थ

जीवांजलि धर्म डेस्कPublished by:
नीरज के. पटेल
सार

Religious Beliefs: बाबा श्याम की कथा हमें त्याग, समर्पण और विश्वास का संदेश देती है। बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण के सामने अपना शीश दान करके यह दिखाया कि सच्ची भक्ति में अपना सर्वस्व समर्पित करने का भाव होना चाहिए।

Haare Ka Sahara Baba Shyam Hamara
Haare Ka Sahara Baba Shyam Hamara: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू धाम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने पहुंचते हैं। बाबा के दरबार में भक्तों की आस्था और भक्ति का एक अलग ही माहौल देखने को मिलता है। मंदिर में प्रवेश करते ही एक जयकारा अक्सर सुनाई देता है, 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा'। यह जयकारा केवल भक्ति का उद्घोष नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक गहरी धार्मिक मान्यता और पौराणिक कथा भी जुड़ी हुई है।

मान्यता है कि जो व्यक्ति जीवन में निराश हो जाता है, जिसे कोई रास्ता दिखाई नहीं देता या जो कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा होता है, बाबा श्याम उसकी सहायता करते हैं। यही वजह है कि भक्त उन्हें हारे हुए लोगों का सहारा मानते हैं। लेकिन आखिर बाबा श्याम को हारे का सहारा क्यों कहा जाता है और इस जयकारे का वास्तविक अर्थ क्या है? आइए जानते हैं इससे जुड़ी पौराणिक कथा और धार्मिक मान्यताएं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बाबा श्याम का वास्तविक नाम बर्बरीक था। वह महाभारत के महान योद्धा भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र थे। उनकी माता का नाम मोरवी बताया जाता है। बर्बरीक बचपन से ही बेहद वीर और शक्तिशाली थे। उन्होंने भगवान शिव की तपस्या करके तीन दिव्य बाण प्राप्त किए थे। इन बाणों की शक्ति इतनी अद्भुत थी कि वे अकेले ही किसी भी बड़ी सेना को पराजित कर सकते थे। बर्बरीक ने अपनी माता को वचन दिया था कि वह जीवन में हमेशा कमजोर पक्ष की ओर से युद्ध करेंगे। इसी प्रतिज्ञा के कारण महाभारत युद्ध में एक ऐसी परिस्थिति उत्पन्न हो सकती थी, जिससे युद्ध का परिणाम बदल जाता।

श्रीकृष्ण ने क्यों मांगा था बर्बरीक का शीश?

पौराणिक कथा के अनुसार, जब महाभारत का युद्ध शुरू होने वाला था, तब बर्बरीक भी युद्ध में शामिल होने के लिए कुरुक्षेत्र जा रहे थे। रास्ते में उनकी मुलाकात भगवान श्रीकृष्ण से हुई। श्रीकृष्ण समझ गए कि बर्बरीक की प्रतिज्ञा और उनके तीन दिव्य बाण युद्ध के परिणाम को प्रभावित कर सकते हैं। दरअसल, बर्बरीक जिस पक्ष को कमजोर देखते, उसी की ओर से लड़ने लगते। ऐसे में युद्ध का संतुलन बार-बार बदल सकता था। इसलिए भगवान श्रीकृष्ण ने उनसे शीश का दान मांगा। बर्बरीक ने भगवान की इच्छा को स्वीकार करते हुए अपना शीश दान कर दिया। उनके इस अद्भुत त्याग और बलिदान से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में अपने श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया। साथ ही उन्हें यह आशीर्वाद दिया कि वे कलियुग में दुखी और निराश लोगों का सहारा बनेंगे।

क्या है 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा' का अर्थ?

'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा' जयकारे का अर्थ बेहद भावपूर्ण है। इसका मतलब है कि जब व्यक्ति जीवन की परेशानियों से हार जाता है, उसे अपनी समस्याओं का कोई समाधान दिखाई नहीं देता और हर तरफ से निराशा मिलने लगती है, तब बाबा श्याम उसका सहारा बनते हैं। भक्तों का विश्वास है कि बाबा श्याम अपने दरबार में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को निराश नहीं करते। उनके सामने व्यक्ति अपनी परेशानियां, दुख और मन की इच्छाएं रखता है। बाबा पर विश्वास रखने से उसे मुश्किल समय में आगे बढ़ने का हौसला मिलता है। यह जयकारा लोगों को यह संदेश भी देता है कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, उम्मीद और विश्वास नहीं छोड़ना चाहिए।

खाटू श्याम के दरबार में क्यों लगता है यह जयकारा?

खाटू धाम में इस जयकारे को लगाने के पीछे बाबा श्याम के प्रति भक्तों की अटूट श्रद्धा है। यहां आने वाले श्रद्धालु मानते हैं कि बाबा ने स्वयं भगवान श्रीकृष्ण से कलियुग में भक्तों का सहारा बनने का वरदान प्राप्त किया था। इसी विश्वास के कारण जब भक्त बाबा के दर्शन करते हैं, तो पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा' का जयकारा लगाते हैं। फाल्गुन मेले और एकादशी जैसे विशेष अवसरों पर खाटू धाम में यह जयकारा वातावरण को भक्तिमय बना देता है।

बाबा श्याम की भक्ति से मिलती है ये सीख?

बाबा श्याम की कथा हमें त्याग, समर्पण और विश्वास का संदेश देती है। बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण के सामने अपना शीश दान करके यह दिखाया कि सच्ची भक्ति में अपना सर्वस्व समर्पित करने का भाव होना चाहिए। वहीं, 'हारे का सहारा' का संदेश हमें सिखाता है कि किसी भी परिस्थिति में उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। बाबा श्याम के भक्तों के लिए यह जयकारा केवल शब्द नहीं, बल्कि विश्वास और सकारात्मकता का प्रतीक है। यही कारण है कि आज भी करोड़ों श्रद्धालु बाबा श्याम को अपना सहारा मानते हैं और श्रद्धा से कहते हैं, 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा।'

ये भी पढ़ें -  तीन बाणधारी बाबा श्याम की पूजा का क्या है महत्व? जानिए इससे जुड़ी हैं खास मान्यताएं

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel