facebook pixel
विज्ञापन
Home›  dharm›  dakshin bharat mein kyon manaya jata hai karthigai deepam janiye iski parampara aur dharmik mahatva

Karthigai Deepam: दक्षिण भारत में क्यों निभाई जाती है कार्तिगई दीपम प्रथा, जानें परंपरा और धार्मिक महत्व

जीवांजलि धर्म डेस्कPublished by:
नीरज के. पटेल
सार

Karthigai Deepam Festival: कार्तिगई दीपम केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह जीवन में ज्ञान, सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी देता है। 
 

Karthigai Deepam Festival
Karthigai Deepam Traditions: भारत में दीप जलाने की परंपरा सदियों पुरानी है। अलग-अलग राज्यों में दीपोत्सव को अलग-अलग तरीके से मनाया जाता है। दक्षिण भारत में मनाया जाने वाला कार्तिगई दीपम ऐसा ही एक प्रमुख धार्मिक पर्व है। यह त्योहार विशेष रूप से तमिलनाडु में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन घरों, मंदिरों और सड़कों पर हजारों दीपक जलाए जाते हैं। मान्यता है कि दीप जलाने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दक्षिण भारत में कार्तिगई दीपम मनाने की परंपरा कैसे शुरू हुई और इसका भगवान शिव से क्या संबंध है?

कार्तिगई दीपम दक्षिण भारत का एक प्रमुख हिंदू त्योहार है। इसे मुख्य रूप से तमिल कैलेंडर के कार्तिगई महीने में मनाया जाता है। यह पर्व कार्तिगई नक्षत्र से जुड़ा हुआ है। तमिलनाडु के अलावा केरल और दक्षिण भारत के दूसरे क्षेत्रों में भी इस त्योहार को श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव और भगवान कार्तिकेय की विशेष पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, दीपक जलाना अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस अवसर पर भक्त अपने घरों के दरवाजों, आंगन और मंदिरों में मिट्टी के दीपक जलाते हैं।

भगवान शिव के अग्नि स्तंभ से जुड़ी है कथा

कार्तिगई दीपम का संबंध भगवान शिव की एक प्रसिद्ध पौराणिक कथा से माना जाता है। कथा के अनुसार, एक बार भगवान ब्रह्मा और भगवान विष्णु के बीच इस बात को लेकर विवाद हो गया कि दोनों में सबसे श्रेष्ठ कौन है। दोनों के विवाद को समाप्त करने के लिए भगवान शिव ने एक विशाल अग्नि स्तंभ का रूप धारण किया। इस अग्नि स्तंभ का न तो कोई आरंभ दिखाई दे रहा था और न ही उसका अंत। भगवान विष्णु ने वराह का रूप लेकर स्तंभ का निचला सिरा खोजने का प्रयास किया, जबकि भगवान ब्रह्मा हंस का रूप लेकर उसका ऊपरी सिरा खोजने निकल पड़े। काफी प्रयास करने के बाद भी दोनों को इसका अंत नहीं मिला।

तब भगवान शिव ने अपने दिव्य स्वरूप में दर्शन दिए। इस तरह उन्होंने दोनों देवताओं को अपनी अनंत शक्ति का एहसास कराया। मान्यता है कि इसी अग्नि स्तंभ की स्मृति में कार्तिगई दीपम मनाया जाता है।

तिरुवन्नामलाई में जलाया जाता है विशाल दीप

तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में कार्तिगई दीपम का विशेष महत्व है। यहां स्थित अरुणाचलेश्वर मंदिर में इस पर्व को बहुत भव्य तरीके से मनाया जाता है। इस अवसर पर अरुणाचल पहाड़ी के शिखर पर एक विशाल दीप जलाया जाता है। इस दीप को देखने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। भक्तों की मान्यता है कि पहाड़ी पर जलने वाला यह दीप भगवान शिव के अग्नि स्वरूप का प्रतीक है। इसे देखकर भक्त भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

कैसे मनाई जाती है कार्तिगई दीपम की परंपरा?

इस दिन दक्षिण भारत के घरों में विशेष साफ-सफाई की जाती है। महिलाएं घर के आंगन में सुंदर रंगोली बनाती हैं और शाम के समय मिट्टी के दीपक जलाती हैं। मंदिरों को भी दीपों से सजाया जाता है। कई स्थानों पर भक्त भगवान शिव और कार्तिकेय की पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन दीप जलाने के साथ परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। कई श्रद्धालु व्रत रखते हैं और मंदिरों में जाकर दर्शन करते हैं।

अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का संदेश

कार्तिगई दीपम केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह जीवन में ज्ञान, सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी देता है। यह पर्व बताता है कि जिस तरह एक छोटा-सा दीपक अंधेरे को दूर कर सकता है, उसी तरह ज्ञान और भक्ति जीवन की परेशानियों को दूर करने का मार्ग दिखाते हैं। यही वजह है कि दक्षिण भारत में कार्तिगई दीपम की परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जाती है।

ये भी पढ़ें -  मार्गशीर्ष मास में तुलसी के पास शाम को क्यों जरूरी होता है दीपक जलाना? जानिए लाभ और धार्मिक महत्व

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel