Chardham Yatra 2025: यमुनोत्री, गंगोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ सहित चार धाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो रही है। जानकारी के अनुसार सबसे पहले केदारनाथ के कपाट खुलेंगे और उसके बाद बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।
Chardham Yatra 2025: यमुनोत्री, गंगोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ सहित चार धाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो रही है। जानकारी के अनुसार सबसे पहले केदारनाथ के कपाट खुलेंगे और उसके बाद बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। बता दें कि प्रत्येक साल चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड में लाखों-करोड़ों श्रद्धालु आते हैं और इस बार भी प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर तरह संभव प्रयास कर रही है। चारधाम यात्रा पर आने वाले व्यवसायिक वाहन चालकों को अब बिना ग्रीन कार्ड के प्रवेश नहीं मिलेगा।
एक माह पहले जारी होंगे ग्रीन कार्ड
इससे पहले आरटीओ सुनील शर्मा ने कहा था कि चारधाम यात्रा के लिए एक माह पहले ग्रीन कार्ड जारी किए जाएंगे। पीली प्लेट वाले सभी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड बनवाना जरूरी होगा, चाहे वाहन राज्य का हो या दूसरे राज्य का। बसों के संचालन के लिए यूनियन से बात कर रोटेशन सिस्टम लागू कर दिया गया है।
आज से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
हिमालय की पवित्र चारधाम यात्रा 2025 के लिए आधार कार्ड नंबर के जरिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आज यानी गुरुवार 20 मार्च 2025 से शुरू हो गया है। यह यात्रा 30 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू होगी। केदारनाथ के कपाट 2 मई और बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है, ताकि कोई भी श्रद्धालु निर्धारित तिथि पर दर्शन कर सकें। इच्छुक यात्री इस वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर आधार कार्ड से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके साथ ही हेली सेवा के लिए टिकट करना चाहते हैं तो इस वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in से बुक करवा सकते हैं।
यात्रियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सही मोबाइल नंबर दर्ज करें, ताकि पंजीकरण संबंधी जानकारी मिल सके।
दर्शन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दर्शन टोकन लें।
यात्रा के दौरान गर्म कपड़े, छाता, रेनकोट, दवाइयां साथ रखें।
वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।
फर्जी या अवैध हेली टिकट के साथ ही फर्जी दर्शन कराने वालों से जरूर बचें।
यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई रखें और कूड़ा न फैलाएं।
वाहन की गति नियंत्रित रखें, अस्वस्थ महसूस होने पर यात्रा स्थगित करें।
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा का रहेगा पुख्ता इंतजाम
इस बार चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कटापत्थर और हरबर्टपुर बस अड्डे पर दो नए चेकपोस्ट बनाए जा रहे हैं। इससे पिछले साल की तरह जाम की समस्या से बचा जा सकेगा।
इस बार होगी नई व्यवस्था
पिछले साल यात्रा के दौरान मसूरी-कैंपटी मार्ग पर यात्री वाहनों की आवाजाही पर रोक लगानी पड़ी थी। इसके अलावा गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भारी संख्या में वाहनों के आने से अव्यवस्था फैल गई थी। इससे यात्रियों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा था। कटापत्थर चेकपोस्ट पर पानी और अन्य सुविधाएं न मिलने पर तीर्थयात्रियों ने हंगामा भी किया था। इस बार विधायक मुन्ना चौहान के प्रयासों से हरबर्टपुर बस अड्डे पर ठहराव केंद्र बनाया गया है, जहां यात्रियों के ठहरने और खाने-पीने की भी व्यवस्था रहेगी।
यात्रा से संबंधित जानकारियों के लिए नीचे दिए गए टोल फ्री नंबर और ई-मेल से ले सकते हैं-
टोल फ्री नंबर: 0135-1364
फोन नंबर: 0135-2559898, 0135-2552627
ई-मेल: touristcare.uttarakhand@gmail.com