Money Plant Vastu Upay: अगर आप अपने घर में मनी प्लांट का पौधा लगाने जा रहे हैं तो आपको मनी प्लांट का पौधा घर में सही दिशा में रखना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि गलत दिशा में मनी प्लांट का पौधा लगाना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है.
Money Plant Direction: मनी प्लांट को वास्तु शास्त्र में ही बहुत शुभ माना जाता है। इसे घर में लगाने से सुख-समृद्धि आती है और आर्थिक तंगी दूर होती है। मनी प्लांट को धन आकर्षित करने वाला पौधा माना जाता है, लेकिन इसके शुभ प्रभावों के लिए इसे सही दिशा (Right Direction) में रखना बहुत जरूरी है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, मनी प्लांट के पौधे को रखने के लिए आग्नेय कोण (दक्षिण-पूर्व दिशा) सबसे शुभ मानी जाती है। आग्नेय कोण के देवता भगवान गणेश (Bhagwan Ganesh) हैं और इस दिशा का प्रतिनिधित्व शुक्र ग्रह करते हैं। भगवान गणेश बाधाओं को दूर करने वाले हैं और शुक्र ग्रह धन, समृद्धि, सौंदर्य और विलासिता का कारक है।
दक्षिण-पूर्व दिशा में मनी प्लांट का पौधा रखने से घर में धन आगमन होता है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। यह धन आगमन के नए रास्ते खोलता है और फिजूलखर्ची पर नियंत्रण पाने में मदद करता है। आग्नेय कोण में मनी प्लांट लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह घर के वातावरण को शुद्ध करता है और नकारात्मक ऊर्जा को दूर भगाता है। यह घर में सुख, शांति और समृद्धि को आकर्षित करता है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
मनी प्लांट की बेलें कभी भी नीचे की ओर नहीं लटकनी चाहिए। उन्हें हमेशा ऊपर की ओर चढ़ाना चाहिए, जैसे किसी डंडे या रस्सी के सहारे। बेलों का ऊपर की ओर बढ़ना तरक्की और विकास का प्रतीक है।
यदि पौधे में कोई पत्ता पीला पड़ जाए या सूख जाए, तो उसे तुरंत हटा दें। सूखे पत्ते नकारात्मक ऊर्जा फैलाते हैं। जिससे लोगों को जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर-पूर्व दिशा में न लगाएं पौधा
मनी प्लांट को कभी भी उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण) में नहीं लगाना चाहिए। यह दिशा देवताओं और जल तत्व से संबंधित है। मनी प्लांट को अग्नि तत्व का पौधा माना जाता है, इसलिए जल और अग्नि का मेल वास्तु दोष पैदा कर सकता है, जिससे घर में आर्थिक नुकसान और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां आ सकती हैं। मनी प्लांट को हमेशा घर के अंदर लगाना चाहिए, कभी भी इसे घर के बाहर या खुले में नहीं लगाना चाहिए। इसे आप लिविंग रूम, डाइनिंग रूम या बेडरूम में लगा सकते हैं, लेकिन दिशा का ध्यान रखें।
किसी और को न दें अपना पौधा
मान्यता है कि अपने मनी प्लांट का पौधा किसी और को देने से घर में धन की कमी होने लगती है। इसलिए इसे किसी को देना शुभ नहीं माना जाता है। इन वास्तु नियमों का पालन करके मनी प्लांट का पौधा लगाने से आपको निश्चित रूप से आर्थिक लाभ और घर में सुख-समृद्धि का अनुभव होगा। इसलिए मनी प्लांट को कभी भी गलत दिशा में न लगाएं. इससे लोगों को जीवन में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।