Lord Krishna : हिंदू धर्म में भगवान श्रीकृष्ण को अनेक नामों से जाना जाता है। कोई उन्हें मुरलीधर कहता है, तो कोई गोविंद, कान्हा, गिरिधर और द्वारकाधीश के नाम से पुकारता है।
Lord Krishna : हिंदू धर्म में भगवान श्रीकृष्ण को अनेक नामों से जाना जाता है। कोई उन्हें मुरलीधर कहता है, तो कोई गोविंद, कान्हा, गिरिधर और द्वारकाधीश के नाम से पुकारता है। लेकिन भगवान कृष्ण का एक नाम ऐसा भी है, जो उनके ज्ञान, शक्ति, विवेक और आध्यात्मिक स्वरूप को दर्शाता है। यह नाम है 'योगेश्वर'। आपने अक्सर श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कृष्ण के लिए इस नाम का उल्लेख सुना होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर भगवान कृष्ण को योगेश्वर क्यों कहा जाता है? इसके पीछे क्या धार्मिक और आध्यात्मिक रहस्य छिपा है?
योगेश्वर शब्द का क्या अर्थ है?
योगेश्वर दो शब्दों से मिलकर बना है 'योग' और 'ईश्वर'। योग का अर्थ केवल आसन और प्राणायाम करना नहीं है, बल्कि स्वयं को परमात्मा से जोड़ना मन और इंद्रियों पर नियंत्रण रखना तथा जीवन में संतुलन बनाए रखना भी है। वहीं ईश्वर का अर्थ है परम सत्ता या स्वामी। इस प्रकार योगेश्वर का अर्थ हुआ योग के स्वामी या योग के सर्वोच्च ज्ञाता।भगवान श्रीकृष्ण को योगेश्वर इसलिए कहा जाता है, क्योंकि वे योग के वास्तविक अर्थ और उसके गहरे रहस्य को जानते हैं। उन्होंने संसार में रहते हुए भी मोह, माया और सांसारिक बंधनों से ऊपर रहने का संदेश दिया।
1. श्रीमद्भगवद्गीता में दिया योग का ज्ञान
भगवान कृष्ण को योगेश्वर कहे जाने का सबसे बड़ा कारण श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान है। महाभारत के युद्ध के समय जब अर्जुन अपने ही परिजनों और गुरुजनों को सामने देखकर विचलित हो गए, तब भगवान कृष्ण ने उन्हें जीवन, आत्मा, कर्म और धर्म का उपदेश दिया।
Trending Video
उन्होंने अर्जुन को समझाया कि मनुष्य को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए, लेकिन कर्मों के फल की चिंता नहीं करनी चाहिए। गीता में भगवान कहते हैं 'कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।
अर्थात मनुष्य का अधिकार केवल कर्म करने पर है उसके फल पर नहीं। भगवान कृष्ण ने कर्मयोग, ज्ञानयोग और भक्तियोग जैसे मार्गों के माध्यम से मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा दिखाई।
2. कर्मयोग का दिया संदेश
भगवान कृष्ण ने बताया कि संसार में रहते हुए भी मनुष्य आध्यात्मिक जीवन जी सकता है। इसके लिए जरूरी नहीं कि वह अपने परिवार और जिम्मेदारियों को छोड़कर जंगल चला जाए।उन्होंने अर्जुन को युद्धभूमि में ही कर्मयोग का उपदेश दिया। इसका अर्थ है कि व्यक्ति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाए और सफलता-असफलता में समान भाव रखे।भगवान कृष्ण स्वयं भी इसके उदाहरण हैं। उन्होंने जीवन में अनेक भूमिकाएं निभाईं। वे कभी ग्वाले बने, कभी मित्र, कभी सारथी और कभी मार्गदर्शक। हर भूमिका में उन्होंने अपने कर्तव्य को महत्व दिया।
3. सुख-दुख में समान रहने की शिक्षा
योगेश्वर कृष्ण ने मनुष्य को सिखाया कि जीवन में सुख और दुख दोनों आते हैं। जो व्यक्ति इन परिस्थितियों में अपना मानसिक संतुलन बनाए रखता है, वही सच्चे योग का पालन करता है।गीता में भगवान कृष्ण ने सुख-दुख, लाभ-हानि और जय-पराजय को समान भाव से स्वीकार करने की शिक्षा दी है। उनके अनुसार मनुष्य को परिस्थितियों के अनुसार अपना धर्म और कर्तव्य नहीं बदलना चाहिए।
4. योगमाया और दिव्य शक्तियों के स्वामी
भगवान कृष्ण का जीवन उनकी दिव्य शक्तियों और योगमाया से भी जुड़ा हुआ है। श्रीमद्भगवद्गीता में उन्होंने अर्जुन को अपना विराट स्वरूप दिखाया था। इस स्वरूप में अर्जुन ने संपूर्ण ब्रह्मांड को भगवान के भीतर देखा।यह घटना भगवान कृष्ण के दिव्य और विराट स्वरूप को दर्शाती है। उन्होंने यह भी बताया कि वे संसार में धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए अवतार लेते हैं।
5. सांसारिक जीवन में रहकर भी अनासक्त रहने का संदेश
भगवान कृष्ण का जीवन इस बात का उदाहरण है कि मनुष्य संसार में रहते हुए भी उससे आसक्त हुए बिना जीवन जी सकता है। वे राजमहल में भी रहे और वृंदावन की गलियों में भी। उन्होंने मित्रता निभाई, परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और धर्म की रक्षा के लिए युद्धभूमि में भी मार्गदर्शन किया।इसके बावजूद वे किसी एक परिस्थिति या भूमिका से बंधे नहीं रहे। यही अनासक्ति और संतुलन योग का महत्वपूर्ण स्वरूप है।
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिषीय, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। अधिक जानकारी के लिए कृपया संबंधित विषय के विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।